पहले अपहरण, फिर गला घोंटकर हत्या… कौशांबी में नाबालिग प्रेमिका की हत्या से सनसनी – kaushambi minor girl kidnapped murdered by boyfriend arrested lclcn


उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में 15 वर्षीय किशोरी की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस के मुताबिक, नाबालिग का पहले अपहरण किया गया और फिर उसके प्रेमी ने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.

घटना की सूचना मिलते ही पश्चिम शरीरा थाना पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

यह भी पढ़ें: कौशांबी में छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर लाठी-डंडों से हमला, 50 लोगों पर केस दर्ज, 5 गिरफ्तार

पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. वहीं, परिजनों ने इस हत्याकांड में राहुल के अलावा रवि और भैयान लाल की भी संलिप्तता का आरोप लगाया है. पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है.

खेत में मिला किशोरी का शव

यह मामला पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के एक गांव का है. जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 15 वर्षीय किशोरी पिपरमेंट की फसल काटने के लिए खेत गई थी. देर शाम जब वह घर लौट रही थी, तभी रास्ते में गांव का रहने वाला राहुल उससे मिला.

पुलिस के अनुसार दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि राहुल ने किशोरी का दुपट्टा लेकर उसका गला घोंट दिया और शव को खेत में छोड़कर फरार हो गया.

जब देर रात तक किशोरी घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद उसका शव खेत में पड़ा मिला. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

डायल-112 की सूचना से खुला मामला

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि 16 जून की रात करीब 10:30 बजे डायल-112 के माध्यम से नाबालिग के अपहरण की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी राहुल थाने के आसपास ही घूम रहा है. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार कर ली.

पुलिस का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर खेत से किशोरी का शव बरामद किया गया. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका और आरोपी राहुल के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच हुए विवाद के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया.

हालांकि, मृतका के परिजनों का आरोप है कि इस हत्या में तीन लोग शामिल थे. पुलिस इन आरोपों की भी गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *