उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सनसनीखेज कहानी सामने आई है. यहां बेटे ने जमीन विवाद को लेकर अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जायजा लिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, यह मामला लखनऊ के महिगवां थाना क्षेत्र का है. पुलिस का कहना है कि ग्राम अतरौरा के रहने वाले विनोद कुमार उर्फ महेन्द्र का अपने पिता रामकुमार के साथ खेत में हिस्सेदारी कम मिलने और मेड़ बनाने-बिगाड़ने को लेकर विवाद हो गया था. कहासुनी के बीच मामला हिंसक हो गया.
गुस्से में आकर विनोद ने फावड़े से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. इसके बाद परिजन घायल हालत में रामकुमार को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या, लाश को मोटरसाइकिल पर ले जाकर फूंक डाला, ऐसे पकड़े गए 3 आरोपी
इस वारदात के बारे में सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जानकारी ली. मृतक की बेटी मालती देवी की तहरीर पर थाना महिगवां में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया. पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बीकेटी-पहाड़पुर रोड स्थित देवरी रुखारा नहर पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया फावड़ा भी बरामद कर लिया है. पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है. उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने गुस्से में आकर अपने पिता पर फावड़े से हमला कर दिया था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है. परिजनों व आसपास के लोगों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है.
—- समाप्त —-
