मां की आंखों के सामने बेटे ने तोड़ा दम, कलेजा चीर देगी लखनऊ अग्निकांड की ये दास्तां – lucknow aliganj fire tragedy aditya shrivastava died in front of mother lclnt


लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर एक और दर्दनाक जानकारी सामने आई है. हादसे में जान गंवाने वाले आदित्य श्रीवास्तव के मामा रविन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि आदित्य ने अपनी मां की आंखों के सामने दम तोड़ दिया. यह घटना परिवार के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं है.

रविन्द्र श्रीवास्तव के अनुसार, आदित्य की मां अपने बेटे से मिलने के लिए सीतापुर जिले के बिसवां से लखनऊ पहुंची थीं. जब वह अपने छोटे बेटे के साथ उस इमारत के पास पहुंचीं, जहां आदित्य काम करता था, तब तक वहां भीषण आग लग चुकी थी. बिल्डिंग से धुआं और लपटें निकल रही थीं. बेटे को बचाने की उम्मीद में वह लगातार मदद के लिए गुहार लगाती रहीं, लेकिन चाहकर भी अपने बेटे को नहीं बचा सकीं.

मामा रविन्द्र श्रीवास्तव ने भावुक होकर बताया कि आदित्य बेहद साहसी स्वभाव का था और किसी भी चुनौती से डरता नहीं था. उन्होंने कहा कि किसी ने नहीं सोचा था कि आग और व्यवस्था की कथित लापरवाही उसके जीवन को इस तरह खत्म कर देगी.

आंसुओं के बीच रविन्द्र ने व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कुछ दिनों तक इस घटना की चर्चा होगी, जांच और कार्रवाई की बातें होंगी, लेकिन समय बीतने के साथ लोग इसे भूल जाएंगे. उनका आरोप है कि जब तक व्यवस्था में बदलाव नहीं होगा, तब तक आम लोगों की जान इसी तरह जोखिम में पड़ती रहेगी.

वहीं, पोस्टमार्टम हाउस का दृश्य भी बेहद मार्मिक रहा. अपने बेटे को खो चुकी एक मां दर्द से कराहती नजर आई, जबकि उसके अन्य बेटे उसे संभालने की कोशिश कर रहे थे. ऐसा ही दर्द उन सभी परिवारों के चेहरों पर दिखाई दिया, जिन्होंने इस हादसे में अपने घर के कमाने वाले या अपने प्रियजनों को खो दिया. अलीगंज अग्निकांड ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं और पीछे छोड़ गया है सिर्फ दर्द, आंसू और अनगिनत सवाल.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *