उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार मां और बेटी की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ जब दोनों बाराबंकी शहर से अपने गांव लौट रही थीं. सामने से आ रही एक निजी बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान बल्लापुरवा गांव निवासी 42 वर्षीय रीता और उनकी 20 वर्षीय बेटी वैष्णवी के रूप में हुई है. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत दोनों की मदद के लिए दौड़ पड़े.
यह भी पढ़ें: बाराबंकी: पुलिस की दबिश से डरकर गोमती नदी में कूदे दो जुआरी, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायल मां-बेटी को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) रेफर कर दिया गया.
इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, हादसा सड्डीपुर-जहांगीराबाद रोड पर अटवा मोड़ के पास हुआ. निजी बिस्कुट कंपनी की एक बस और स्कूटी के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई थी. टक्कर का असर इतना जबरदस्त था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए. हादसे में मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं.
दोनों को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया और फिर बेहतर इलाज के लिए KGMU रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया.
लोगों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया. बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. जहांगीराबाद थाना प्रभारी राम प्रकाश मिश्रा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. साथ ही बस चालक से पूछताछ भी की जा रही है ताकि दुर्घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
—- समाप्त —-
