बांग्लादेश में हिंदू छात्र का अपहरण, फिरौती के लिए बेरहमी से पीटा! – bangladesh dhaka wari hindu student kidnapped escapes ntc dhrj


बांग्लादेश की राजधानी ढाका से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के वारी इलाके से सोमवार रात 27 साल के एक हिंदू लॉ स्टूडेंट का कथित तौर पर अपहरण किया गया था. आरोप है कि किडनैपर्स उसे एक घर में बंधक बनाकर ले गए, बेरहमी से पीटा और छोड़ने के बदले 50 हजार टका की फिरौती मांगी. पीड़ित किसी तरह वहां से भाग निकला. फिलहाल उसका इलाज ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में चल रहा है.

पीड़ित सुभाष देउरी ओल्ड ढाका के सेंट्रल लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर का छात्र है. वह जरूरत पड़ने पर जगन्नाथ यूनिवर्सिटी के केंद्रीय मंदिर में पूजा-पाठ में भी सहयोग करता था. रिश्तेदारों के मुताबिक, सोमवार रात करीब 8 बजे वह रिक्शे से स्वामीबाग इलाके में पहुंचा था. इसी दौरान कुछ लोगों ने सुभाष का अपहरण कर लिया और उसे एक घर में बंधक बना लिया.

50 हजार टका की फिरौती मांगी

बांग्लादेशी मीडिया संस्थान ‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, सुभाष के रिश्तेदार दीपू बर्मन ने बताया कि किडनैपर्स ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और फिर परिवार से 50 हजार टका की फिरौती मांगी. परिवार ने 20 हजार टका दे भी दिए थे, जबकि बाकी की रकम अगली सुबह देनी थी. इस टॉर्चर के दौरान सुभाष को गंभीर चोटें आईं.

मंगलवार सुबह सुभाष किसी तरह वहां से भाग निकला. पुलिस के मुताबिक, उसने बिल्डिंग के एक हिस्से से छलांग लगाई, जिससे उसके पैर और कूल्हे की हड्डी टूट गई. इसके बाद वह अपने रूममेट तक पहुंचा, जिसने उसे तुरंत ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों का कहना है कि उसकी सर्जरी करनी पड़ेगी.

पुलिस के मुताबिक, छात्र ने शिकायत में बताया कि उसे स्वामीबाग के एक घर में बंधक बनाकर रखा गया था. मामले की जांच की जा रही है. दूसरी ओर, मंदिर समिति के सदस्य ने साफ किया कि सुभाष मंदिर का स्थायी पुजारी नहीं है. वह सिर्फ जरूरत पड़ने पर धार्मिक अनुष्ठानों में सहयोग करता था. इस घटना का मंदिर से कोई संबंध नहीं है.
 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *