गोरखपुर जेल में बंद कैदी ने गमछे से फंदा लगाकर दी जान, चोरी के आरोप में था बंद – gorakhpur jail prisoner suicide theft accused hanged in barrack lclcn


उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिला कारागार में एक कैदी द्वारा कथित तौर पर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है. चोरी के आरोप में जेल में बंद 28 वर्षीय युवक ने बैरक के अंदर गमछे के सहारे फंदा लगाकर अपनी जान दे दी. घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई.

मृतक की पहचान कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित चांदनी चौक ईदगाह रोड निवासी शौकत अफरोज उर्फ राजू के रूप में हुई है. वह चोरी के एक मामले में गिरफ्तार होकर पिछले महीने से जिला कारागार में बंद था.

यह भी पढ़ें: काम नहीं हुआ तो डंडा लेकर तहसील पहुंच गई गोरखपुर की पुष्पा, स्टाफ ने कानूनगो को कमरे में किया सुरक्षित

सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस जेल पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.

30 जून को कोर्ट से जेल भेजा गया था

पुलिस के अनुसार, शौकत अफरोज उर्फ राजू को करीब एक माह पहले जीआरपी ने रेलवे स्टेशन से चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था. कानूनी कार्रवाई के बाद 30 जून को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में गोरखपुर जिला कारागार भेज दिया गया.

जेल प्रशासन ने उसे बैरक नंबर 24 में रखा था. वह वहीं न्यायिक हिरासत में रह रहा था. शुरुआती जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई की दोपहर करीब 3 बजे उसने बैरक के अंदर यह कदम उठाया.

बताया गया कि उसने बैरक में बने लोहे के दरवाजे के हैंडल में गमछे का फंदा बनाकर खुद को लटका लिया. घटना का पता चलते ही जेल में मौजूद अन्य बंदियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल जेल प्रशासन को सूचना दी.

जेल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को दी सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन सक्रिय हो गया. शाहपुर थाना पुलिस को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारने की कार्रवाई की गई.

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.

घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दी गई. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद वे उसे लेकर कुशीनगर रवाना हो गए.

पुलिस बोली- जांच के बाद शव परिजनों को सौंपा

गोरखनाथ क्षेत्राधिकारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि जिला कारागार में बंद एक कैदी ने आत्महत्या कर ली थी. सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की.

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *