उत्तर प्रदेश पुलिस ने दिवंगत गैंगस्टर मुख्तार अंसारी के सहयोगी अंगद राय उर्फ झूलन की लगभग 9.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति जब्त कर ली है. पुलिस के मुताबिक, ये कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद और असामाजिक गतिविधि (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के तहत की गई है.
गाजीपुर के जिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कुर्की की. पुलिस की जांच में सामने आया कि ये कीमती संपत्ति अंगद राय ने अवैध गतिविधियों और अपराध के जरिए कमाए गए काले धन से खरीदी थी.
कानूनी कार्रवाई और पुलिस की नजर से बचने के लिए उसने ये प्रॉपर्टी अपनी पत्नी सरिता राय के नाम पर दर्ज कराई थी. ये कुर्की गाजीपुर के कोतवाली थाने में साल 2023 में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मामले के तहत की गई है.
अंगद राय पर दर्ज हैं कई मामले
अंगद राय उर्फ झूलन का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और दूसरी कई गंभीर धाराओं के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं. वो लंबे समय से इलाके में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है.
—- समाप्त —-
