दुबई में रहने वाले भारतीय मूल के कारोबारी सतीश सनपाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं. संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की फाइनेंशियल इंटेलिजेंस यूनिट (FIU) ने उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने सतीश सनपाल और उनकी पत्नी ताबिंदा की संपत्तियां अटैच करने का आदेश दिया है. साथ ही उनके बैंक खाते और डिजिटल एसेट्स भी फ्रीज कर दिए गए हैं. यह कार्रवाई संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की जांच के दौरान की गई है. फिलहाल दुबई की वित्तीय जांच एजेंसियां उनके सभी रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही हैं.
यूएई की जांच एजेंसियां इस मामले को मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के एंगल से देख रही हैं. FIU ने वहां के सभी बैंकों, वित्तीय संस्थानों और वर्चुअल एसेट सर्विस प्रोवाइडर्स को निर्देश दिया है कि सतीश सनपाल से जुड़े सभी फंड और डिजिटल एसेट्स ब्लॉक किए जाएं. एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि कहीं इन पैसों का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी गतिविधि या आतंकवाद को वित्तीय मदद पहुंचाने में तो नहीं हुआ. फिलहाल उनके सभी वित्तीय रिकॉर्ड और लेनदेन की गहन जांच चल रही है.
यह भी पढ़ें: बुर्ज खलीफा में घर, आलीशान महल…सतीश सनपाल ने कैसे बनाया $3 बिलियन का रियल एस्टेट साम्राज्य?
कौन हैं सतीश सनपाल?
सतीश सनपाल मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले हैं. वह दुबई की एनएक्स होल्डिंग कंपनी के चेयरमैन हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सनपाल और उनकी पत्नी ताबिंदा की कुल संपत्ति $1.5 बिलियन (लगभग ₹14,000 करोड़) से अधिक है. सतीश सनपाल ‘एनाक्स होल्डिंग’ (ANAX Holding) के संस्थापक हैं, जिसका कारोबार रियल एस्टेट, हॉस्पिटैलिटी और इन्वेस्टमेंट्स में फैला हुआ है. खबरों के अनुसार, एनाक्स होल्डिंग की वैल्यू $3 बिलियन से ज्यादा है.
सनपाल परिवार का आलीशान घर
सनपाल परिवार बुर्ज खलीफा के अंदर एक बेहद लग्जरी घर में रहता है. दुबई हिल्स में भी उनके पास आलीशान विला हैं और वे 50,000 वर्ग फुट के प्लॉट पर एक बहुत बड़ा बंगला बनवा रहे हैं. रियलिटी शो ‘देसी ब्लिंग’ में ताबिंदा ने दावा किया था कि उनके पास 40 किलो सोना है, और सतीश उन्हें हर धनतेरस पर लगभग 3 किलो सोना गिफ्ट करते हैं.
इस परिवार के पास रॉल्स-रॉयस कारों का एक काफिला और लगभग ₹35 करोड़ की बुगाटी चिरॉन (Bugatti Chiron) कार, एक प्राइवेट यॉट लग्जरी घड़ियां और डिजाइनर एक्सेसरीज हैं.
यह अरबपति पहली बार तब सुर्खियों में आया जब उन्होंने 2025 में अपनी एक साल की बेटी इसाबेला को ₹5.8 करोड़ की कस्टमाइज्ड मेटैलिक पिंक रॉल्स-रॉयस फैंटम गिफ्ट की थी. जन्मदिन का यह जश्न ‘अटलांटिस द रॉयल’ होटल में हुआ था, जिसमें आतिफ असलम, राहत फतेह अली खान और नोरा फतेही जैसे मशहूर कलाकारों ने परफॉर्म किया था. इस जश्न के दौरान, बेला सोने की ड्रेस और 24-कैरेट सोने की जैकेट पहने नजर आई थीं और उन्होंने एक राजकुमारी के रथ में एंट्री की थी.
इस कार्रवाई के बाद यूएई और दुबई के भारतीय कारोबारी जगत में हड़कंप मचा हुआ है. सतीश सनपाल को वहां के हाई-प्रोफाइल भारतीय कारोबारियों में गिना जाता है. ऐसे में उनके खिलाफ हुई इस कार्रवाई पर सबकी नजर है. फिलहाल जांच जारी है. एजेंसियां सभी दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड खंगाल रही हैं. जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाएंगे.
—- समाप्त —-
