Surya Grahan 2026: ग्रहण योग से करियर में ग्रोथ! जानें किन लोगों को बनाता है ‘बड़ा आदमी’ – Surya Grahan 2026 career growth grahan yog in kundli make people successful tvisu


ज्योतिष में सूर्य और राहु की युति को ग्रहण योग कहा जाता है, जिसे सामान्यतः लोग डर और चिंता के साथ जोड़ते हैं. हालांकि हर ग्रहण योग अशुभ नहीं होता है. यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि यह योग कुंडली के किस भाव और राशि में बन रहा है. कुंडली के तीसरे भाव में बनने वाला सूर्य-राहु का ग्रहण योग कई मामलों में दुर्योग न होकर, एक शक्तिशाली योग सिद्ध हो सकता है, जो व्यक्ति को साहस, कुशलता और ऊंचे पद तक पहुंचाने की क्षमता रखता है.

कैसे बनता है ग्रहण योग?
जब जन्म कुंडली में सूर्य और राहु एक ही राशि में साथ स्थित होते हैं, तब ग्रहण योग का निर्माण होता है. तीसरा भाव पराक्रम, साहस, संचार, छोटे भाई-बहन और प्रयासों का प्रतिनिधित्व करता है. इस भाव में सूर्य-राहु की युति बनने पर व्यक्ति के अंदर अद्भुत ऊर्जा और जोखिम लेने की क्षमता विकसित होती है. विशेष रूप से यदि यह योग तुला राशि में बने जहां सूर्य नीच का माना जाता है, तब कई बार इसके परिणाम और भी प्रभावशाली हो जाते हैं, क्योंकि कुछ भावों में नीच ग्रह भी विशेष फल देने लगते हैं.

किसी फील्ड में दिलाता है कामयाबी?
तीसरे भाव का यह ग्रहण योग व्यक्ति को जीवन में आगे बढ़ने की जबरदस्त प्रेरणा देता है. ऐसे लोग कठिन परिस्थितियों से घबराते नहीं, बल्कि उन्हें अवसर में बदलने की कला जानते हैं. सेना, पुलिस, प्रशासन और राजनीति जैसे क्षेत्रों में यह योग विशेष सफलता दिला सकता है. व्यक्ति अपने परिश्रम और साहस के दम पर उच्च पद प्राप्त कर सकता है. इस योग से व्यक्ति में संचार कौशल भी मजबूत होता है, जिससे वह अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर पाता है. यही गुण उसे नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ाता है. यदि कुंडली में अन्य ग्रहों का सहयोग भी मिल जाए तो यह योग राजयोग जैसी स्थिति बना सकता है.

किन समस्याओं से होगा सामना?
यह योग जीवन में कुछ चुनौतियां भी साथ लाता है. तीसरे भाव में राहु का प्रभाव व्यक्ति को अहंकारी और जिद्दी बना सकता है. कभी-कभी वह अपने निर्णयों में अति आत्मविश्वास दिखाता है, जिससे गलतियां भी हो सकती हैं. पारिवारिक जीवन में विशेषकर छोटे भाई-बहनों के साथ संबंध तनावपूर्ण हो सकते हैं. मतभेद, दूरी या प्रतिस्पर्धा की भावना बनी रह सकती है. पिता के साथ भी विचारों में टकराव संभव है जिससे भावनात्मक दूरी बढ़ सकती है. धार्मिक और आध्यात्मिक विषयों में व्यक्ति की रुचि कम हो सकती है या वह पारंपरिक मान्यताओं से अलग सोच रख सकता है. इसके अलावा, जीवन में संघर्षों का दौर बार-बार आ सकता है, लेकिन यही संघर्ष अंततः उसे मजबूत बनाते हैं.

समाधान और उपाय
इस योग के प्रभाव को संतुलित करने के लिए कुछ विशेष उपाय अपनाना आवश्यक है, ताकि इसकी सकारात्मक ऊर्जा बनी रहे और नकारात्मक प्रभाव कम हों.

  • प्रतिदिन सूर्य को अर्घ्य दें और ॐ सूर्याय नमः मंत्र का जाप करें. इससे आत्मविश्वास सही दिशा में उपयोग होता है.
  • छोटे भाई-बहनों और मित्रों के साथ संबंध सुधारने का प्रयास करें. अहंकार को त्यागकर सहयोग की भावना अपनाएं.
  • नियमित रूप से ध्यान और योग करें, ताकि मानसिक संतुलन बना रहे और निर्णय क्षमता बेहतर हो.
  • मंगलवार या रविवार के दिन जरूरतमंदों को लाल वस्त्र, मसूर दाल या गुड़ का दान करें.
  • अपने क्रोध और जिद पर नियंत्रण रखें. निर्णय लेने से पहले अनुभवी लोगों की सलाह लेना लाभकारी रहेगा.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *