UP: ईंटें निकालते समय धंसी मिट्टी, 30 फुट गहरे गड्ढे में दबे चाचा-भतीजे की मौत – Saharanpur Soil collapses while extracting bricks uncle and nephew die after being buried 30 foot deep pit lcly


सहारनपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस के दिन एक दर्दनाक हादसे में चाचा और उसके 12 वर्षीय भतीजे की मौत हो गई. हादसा बड़गांव थाना क्षेत्र के एक गांव में ट्यूबवेल के पास हुआ, जहां करीब 30 फुट गहरे गड्ढे में मिट्टी का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया. दोनों मलबे के नीचे दब गए. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा और जेसीबी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.

बड़गांव के थाना प्रभारी नरेंद्र भडाना ने बताया कि मृतकों की पहचान राजेंद्र और उसके 12 वर्षीय भतीजे गौरव के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक राजेंद्र ट्यूबवेल के पास बने गड्ढे से ईंटें निकाल रहा था. इसी दौरान अचानक गड्ढे की मिट्टी भरभराकर नीचे गिर गई. उस समय गौरव गड्ढे के किनारे बैठा था. मिट्टी धंसने से वह भी गड्ढे में गिर गया और दोनों मलबे के नीचे दब गए.

दो मौतों से परिवार में मातम
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की सहायता से बचाव अभियान शुरू कराया. काफी मशक्कत के बाद राजेंद्र को मलबे से बाहर निकाला गया और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद बचाव दल ने गौरव को बाहर निकालने के लिए कई घंटे तक अभियान चलाया.

गड्ढा काफी गहरा होने और मिट्टी के लगातार खिसकने की आशंका के कारण रेस्क्यू टीम को बेहद सावधानी से काम करना पड़ा. आखिरकार गौरव को भी मलबे से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस घटना की जांच कर रही है.
 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *