हंगरी में एक हाईवे पर जा रही यात्रियों से भरी बस सड़क से उतरकर खाई में पलट गई, जिससे 12 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. इस घटना की जानकारी पुलिस ने दी है.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार को रात करीब 1 बजे हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट से लगभग 140 किलोमीटर पूर्व में हुई. पुलिस ने एक बयान में कहा कि संभावना है कि ड्राइवर को नींद आ गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर जारी एक बयान में हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार ने कहा कि इस हादसे में कम से कम 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घटनास्थल पर भेजे गए बचाव कर्मियों का धन्यवाद किया.
जानकारी के मुताबिक, बस में 57 यात्री और दो ड्राइवर सवार थे. घटनास्थल की तस्वीरों में एक बुरी तरह क्षतिग्रस्त लाल बस मोटरवे के किनारे खाई में एक तरफ पलटी हुई दिखाई दी. बस की खिड़कियां टूटी हुई थीं और सामान व सूटकेस आसपास बिखरे पड़े थे.
रॉयटर्स के मुताबाकि पुलिस ने बताया कि पोलैंड में रजिस्टर्ड एक बस M3 मोटरवे पर न्यिरग्यहाजा (Nyiregyhaza) की ओर जा रही थी. तभी बस अचानक खाई में जा गिरी.
शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि ड्राइवर को शायद नींद आ गई थी. पोलैंड के राष्ट्रपति कैरोल नवरोकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, मुझे हंगरी में बस दुर्घटना की खबर सुनकर बहुत गहरा दुख हुआ है, जिसमें हमारे कई लोग मारे गए.
—- समाप्त —-
