लंबे इंतजार के बाद आखिरकार ग्राम पंचायत अधिकारी (VPO) भर्ती 2023 का अंतिम चयन परिणाम जारी हो गया है. आजतक लगातार इन युवाओं की आवाज उठा रहा था, जिसके बाद उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने 1,468 पदों पर अंतिम रिजल्ट घोषित कर दिया. रिजल्ट आने के बाद लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है.
ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती का मामला काफी समय से अटका हुआ था. परीक्षा देने के बाद अभ्यर्थी लगातार रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे. उनका कहना था कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने में हो रही देरी से उनका करियर प्रभावित हो रहा है.
इस मुद्दे को लेकर अभ्यर्थियों ने कई बार प्रदर्शन किया. 21 जुलाई 2026 को अभ्यर्थियों का एक समूह उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास भी पहुंचा था. उन्होंने जल्द परिणाम जारी करने की मांग रखी थी. अभ्यर्थी लंबे समय से UPSSSC कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे. इस मामले को आजतक ने भी लगातार उठाया. अब आयोग ने अंतिम परिणाम जारी कर दिया है.
1,468 पदों पर हुआ चयन
UPSSSC ने विज्ञापन संख्या 01-परीक्षा/2023 के तहत ग्राम पंचायत अधिकारी के 1,468 पदों का अंतिम परिणाम घोषित किया है. चयनित अभ्यर्थियों के लिए आयोग ने श्रेणीवार कट-ऑफ भी जारी की है.
अनारक्षित और OBC वर्ग का अंतिम कट-ऑफ 68.25 अंक रहा. EWS के लिए यह 65.75 अंक है. SC वर्ग का कट-ऑफ 57.75 अंक, जबकि ST के लिए 54.20 अंक रहा.
इस परिणाम में 96 अभ्यर्थियों को औपबंधिक रूप से शामिल किया गया है. यानी इन उम्मीदवारों का चयन कुछ जरूरी शर्तों या दस्तावेजों की जांच पूरी होने के अधीन है.
क्यों अटका था अंतिम परिणाम?
इस भर्ती में सबसे बड़ी परेशानी प्रक्रिया में हो रही देरी थी. परीक्षा के बाद चयन के अगले चरण पूरे होने में काफी समय लगा. दस्तावेज सत्यापन कई चरणों में किया गया. कुछ श्रेणियों के अभ्यर्थियों की अलग से जांच होने के कारण अंतिम सूची तैयार करने में समय लगा.
PH और स्पोर्ट्स कोटे के अभ्यर्थियों के सत्यापन को लेकर भी प्रक्रिया आगे बढ़ने में वक्त लगा. इन उम्मीदवारों की अलग सूची तैयार की गई थी. दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही अंतिम मेरिट तैयार की जा सकी.
अभ्यर्थियों को अब मिली राहत
रिजल्ट जारी होने के बाद उन अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जो लंबे समय से भर्ती पूरी होने का इंतजार कर रहे थे. करीब चार साल से चल रही इस प्रक्रिया का अब अंतिम परिणाम सामने आ गया है.
अभ्यर्थियों की मांग थी कि आयोग जल्द से जल्द चयन प्रक्रिया पूरी करे. अब अंतिम परिणाम जारी होने के साथ भर्ती का अहम चरण पूरा हो गया है.
—- समाप्त —-
