गोंडा में घर लौट रहे बर्तन व्यापारी को रास्ते में घेरा, धारदार हथियार से किया हमला… मौत, 2 आरोपी गिरफ्तार – gonda utensil trader vinod sahni death sharp weapon attack police arrest NTC AKTW


गोंडा में धारदार हथियार से हमले में घायल बर्तन व्यापारी की इलाज के दौरान मौत हो गई. विनोद साहनी (45) ने लखनऊ के केजीएमयू अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

दरअसल, बुधवार रात कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर उन पर धारदार हथियार से हमला किया था. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

घटना परसपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर धनोवा इलाके की है. विनोद साहनी बर्तन की दुकान चलाते थे. बुधवार रात करीब 10:30 बजे वह अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और धारदार हथियार से हमला किया गया.

यह भी पढ़ें: हादसे का ड्रामा, सिर पर हथौड़ा मारकर मर्डर… वायरल वीडियो ने ले ली सोफिया की जान, अहमदाबाद में ऑनर किलिंग!

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यापारी

हमले के बाद विनोद साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए पहले परसपुर सीएचसी ले जाया गया. डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल गोंडा रेफर कर दिया. यहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया.

विनोद का इलाज KGMU लखनऊ में चल रहा था. गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. मौत की खबर मिलते ही घटना के बाद इलाके में भी तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है.

अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि घटना के बाद विनोद की शिकायत पर परसपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था. शिकायत में तीन लोगों को नामजद किया गया था. इसके अलावा 5 से 6 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था.

शुरुआत में पुलिस ने मारपीट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया था. विनोद की मौत के बाद पुलिस ने मामले में धाराएं बढ़ा दी हैं. पुलिस अब इसे गंभीर मामले के तौर पर जांच रही है.

यह भी पढ़ें: पत्नी का मर्डर किया, सिर काटकर फ्रिज में छुपाया, बोला- जेल से छूटकर इसके ‘शुगर डैडी’ को मारूंगा

दो नामजद आरोपी गिरफ्तार

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. बाकी आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

अपर पुलिस अधीक्षक राधेश्याम राय ने बताया कि फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनी हुई है. कानून व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है. पुलिस टीम मौके पर नजर रख रही है.

पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है. विनोद साहनी की मौत के बाद अब पुलिस जांच में हत्या से जुड़ी धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई करेगी.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *