नशे के लिए मां से मांगे 60 रुपये, नहीं मिले तो कुल्हाड़ी से काट डाला… UP में बेटे की खौफनाक करतूत – mahoba son kills mother for 60 rupees cannabis addiction lclcn


उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है. कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रावतपुरा खुर्द गांव में 28 वर्षीय युवक ने अपनी 51 साल की मां की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि आरोपी गांजे का आदी है और उसने नशे के लिए मां से 60 रुपये मांगे थे. पैसे देने से इनकार करने पर उसने खौफनाक कदम उठा लिया.

वारदात के समय घर में मां-बेटे के अलावा कोई और मौजूद नहीं था. आरोपी मोहन यादव आए दिन नशे के लिए अपनी मां मूला देवी को परेशान करता था. बुधवार को भी उसने गांजा खरीदने के लिए रकम मांगी. महिला ने पैसे नहीं होने की बात कही, जिसके बाद मोहन अपना आपा खो बैठा और घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली.

यह भी पढ़ें: महोबा में खूनी खेल! पत्नी की त्रिशूल से गोदकर निर्मम हत्या, पैरोल पर जेल से बाहर आया था ‘कातिल’ पति

आरोपी ने मूला देवी की गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला किया. महिला पर एक-दो नहीं, बल्कि पांच से अधिक वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद भी मोहन वहां से भागा नहीं और करीब दो घंटे तक शव के पास ही बैठा रहा.

घर पहुंचे परिजनों के सामने खुला खौफनाक राज

घटना का पता तब चला जब मृतका के देवर रामेश्वर घर पहुंचे. इसी दौरान मूला देवी का बड़ा बेटा सोहन यादव भी अपनी पत्नी की डिलीवरी के सिलसिले में नोएडा से गांव आया था. जैसे ही उसने घर के भीतर कदम रखा, सामने मां की खून से लथपथ लाश देखकर उसके होश उड़ गए.

घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण वहां पहुंच गए. कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए. ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी. महज 60 रुपये को लेकर हुई इस वारदात ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया.

सूचना मिलते ही कुलपहाड़ कोतवाली प्रभारी अवधेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहन यादव को हिरासत में ले लिया. उससे वारदात और हत्या के पीछे की परिस्थितियों को लेकर पूछताछ की जा रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवक गांजे के नशे का आदी है और नशे के लिए पैसे नहीं मिलने से वह मां से नाराज था.

मां की हत्या की खबर फैलते ही रावतपुरा खुर्द गांव में सनसनी फैल गई. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण भी इस घटना से सदमे में हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *