2 साल की बेटी-मां फंदे से लटकी मिलीं… 10 साल की भांजी ने खिड़की से देखा तो चीख पड़ी, हत्या या खुदकुशी? जांच में जुटी पुलिस – ghaziabad mother two year old daughter found hanging husband detained lcla


गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र के भारत नगर में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किराए के फ्लैट में एक महिला और उसकी दो साल की बेटी के शव फंदे से लटके मिले. दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है. पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, हरदोई का रहने वाला करीब 30 वर्षीय अनिरुद्ध उर्फ सोनू अपनी पत्नी और दो साल की बेटी के साथ भारत नगर गली नंबर सात में करीब चार साल से किराए पर रह रहा था. अनिरुद्ध कौशांबी के एक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन है. उसकी पत्नी हाउस वाइफ थी. 

शुक्रवार को अनिरुद्ध की तबीयत खराब थी, इसलिए वह ड्यूटी पर नहीं गया था. शाम करीब साढ़े पांच बजे वह दवा लेने के लिए घर से बाहर निकला. इसके कुछ देर बाद नीचे रहने वाली उसकी बहन की करीब 10 साल की बेटी फ्लैट पर पहुंची. उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया.

ghaziabad mother two year old daughter found hanging husband detained

काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो बच्ची ने खिड़की से अंदर झांका. कमरे का मंजर देखकर वह चीख पड़ी. बच्ची ने अपनी मां और आसपास के लोगों को जानकारी दी. लोगों ने खिड़की से देखा तो महिला और उसकी दो साल की बेटी फंदे से लटकी हुई थीं. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पीआरवी और खोड़ा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतारकर जांच शुरू की.

यह भी पढ़ें: मां ने दो मासूम बच्चों संग पी लिया जहर… घरेलू कलह में उठाया खौफनाक कदम, पति गिरफ्तार

इसी दौरान अनिरुद्ध भी दवा लेकर वापस घर पहुंच गया. फ्लैट के बाहर भीड़ देखकर वह घबरा गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद वह जमीन पर बैठ गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. शुरुआती जांच में पुलिस को पति-पत्नी के बीच किसी बड़े विवाद की जानकारी नहीं मिली है. आसपास रहने वाले लोगों और परिजनों ने भी दोनों के बीच किसी बड़े झगड़े की बात से इनकार किया है. हालांकि पुलिस किसी भी आशंका को खारिज नहीं कर रही है. घटनास्थल से पुलिस ने जरूरी सबूत जुटाए हैं. मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस हत्या, आत्महत्या और आपसी कलह समेत अलग-अलग एंगल से मामले की जांच कर रही है.

सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि खोड़ा थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाली महिला और उसकी दो साल की बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया. शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं. पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. हत्या, आत्महत्या और आपसी कलह सहित हर एंगल से जांच की जा रही है. महिला के मायके पक्ष को भी सूचना दे दी गई है. उनके आने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में स्थिति और स्पष्ट होगी.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *