फिल्म ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है. तीसरे हफ्ते से फिल्म लगातार कमाई कर रही है और नई रिलीज फिल्मों को भी टक्कर देती नजर आ रही है. फिल्म की इस कामयाबी के बीच अब इससे जुड़ी एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है.
फिल्म की को-प्रोड्यूसर अनुप्रिया नगर ने अपनी टीम के एक सदस्य की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है. उन्होंने फिल्म के वायरल गाने ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ से चर्चा में आए दृष्टिबाधित गायक सुनील लोधी की आंखों के इलाज में मदद करने का फैसला किया है.
सुनील लोधी की आंखों के इलाज के लिए आगे आईं अनुप्रिया
हिंदुस्तान टाइम्स सिटी से बातचीत में अनुप्रिया नगर ने साफ किया कि इस मदद का पूरा श्रेय सिर्फ उन्हें नहीं दिया जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि वह मुंबई में सुनील लोधी के लिए डॉक्टर से कंसल्टेशन की अपॉइंटमेंट बुक कर रही हैं. हालांकि, मध्य प्रदेश सरकार भी उनके इलाज के लिए आगे आई है. सुनील की मदद की यह कोशिश एक साझा पहल बन गई है.
अनुप्रिया ने कहा-उनकी आंखों का इलाज कराने की इच्छा और दिलचस्पी दिखाने के बाद मैंने सुनील जी के लिए मुंबई में कंसल्टेशन की अपॉइंटमेंट बुक की. हालांकि, मध्य प्रदेश सरकार भी आगे आई और उनके इलाज में मदद की. यह एक साझा कोशिश है.
ट्रेन में गाते थे सुनील, अनुप्रिया को लगा ‘गॉड गिफ्टेड’ हैं
सुनील लोधी को फिल्म में लाने की कहानी भी काफी दिलचस्प है. सिद्धार्थ कनन के साथ बातचीत में अनुप्रिया ने बताया था कि सुनील पहले ट्रेन में गाना गाया करते थे. उनकी आवाज सुनकर अनुप्रिया को लगा कि वह बेहद खास हैं. उन्होंने कहा था कि सुनील ‘गॉड गिफ्टेड’ हैं. बाद में सुनील फिल्म की टीम के ऑफिस भी आए थे.
अनुप्रिया के मुताबिक, फिल्म का गाना ‘मैंने तेरे ही भरोसे’ बहुत सिंपल रखा गया है और इसमें बैकग्राउंड म्यूजिक भी काफी कम है. इसके बावजूद गाने में भक्ति की भावना साफ महसूस होती है. उन्होंने सुनील से कहा था कि वह इंटरनेट सेंसेशन बन चुके हैं. लेकिन सुनील ने इसका पूरा श्रेय खुद लेने के बजाय कहा कि यह सब ‘हनुमान जी की कृपा’ है.
आंखों की रोशनी नहीं, फिर भी भक्ति में कमी नहीं
अनुप्रिया ने सुनील की जिंदगी और उनके जज्बे की भी तारीफ की. उन्होंने बताया कि सुनील बचपन से ही आंखों की रोशनी नहीं देख सकते. इसके बावजूद उनके अंदर हनुमान जी के प्रति गहरी आस्था है. अनुप्रिया के मुताबिक, कई लोग अपनी कमियों को लेकर जिंदगी भर परेशान और चिड़चिड़े रहते हैं, लेकिन सुनील का नजरिया अलग है.
उन्होंने कहा कि सुनील के मुताबिक उनकी जिंदगी में जो कुछ भी हो रहा है, वह हनुमान जी की कृपा से हो रहा है. यही बात अनुप्रिया को भी काफी प्रभावित करती है.
सीएम मोहन यादव ने भी मदद का दिया भरोसा
सुनील लोधी की आंखों के इलाज के मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मदद का भरोसा दे चुके हैं. हाल ही में सुनील ने उनसे मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके मेडिकल ट्रीटमेंट में मदद की बात कही गई. अनुप्रिया ने भी सुनील से वादा किया था कि वह उनकी आंखों के इलाज के लिए अपनी तरफ से कुछ जरूर करेंगी। अब उन्होंने इस दिशा में कदम बढ़ाया है.
इस तरह ‘हनुमान अंश’ की कहानी सिर्फ पर्दे तक सीमित नहीं रह गई है. फिल्म से जुड़े सुनील लोधी की आवाज लोगों तक पहुंची, उनका गाना वायरल हुआ और अब उनकी आंखों के इलाज के लिए भी मदद के हाथ आगे बढ़ रहे हैं.
—- समाप्त —-
