सप्ताह के पहला कारोबारी दिन सोमवार शेयर बाजार निवेशकों के लिए ‘Black Monday’ साबित हो रहा है. जोरदार तेजी के साथ ओपनिंग करने के बाद अचानक मार्केट क्रैश (Stock Market Crash) हो गया. सेंसेक्स-निफ्टी ऐसे फिसले कि हाहाकार मच गया.
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला BSE Sensex शुरुआती कारोबार में 700 अंक उछलने के बाद दोपहर 1 बजे के आसपास डे-हाई से 1800 अंकों का गोता लगा गया, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) करीब 500 अंक से ज्यादा टूट गया. बाजार में आए इस भूचाल में एक झटके में निवेशकों के 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा स्वाहा हो गए.
सेंसेक्स-निफ्टी में भूचाल से हड़कंप
शेयर बाजार की शुरुआत पर नजर डालें, तो 30 शेयरों वाला बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले बंद 83,919 की तुलना में तेज छलांग लगाकर 84,421 पर ओपन हुआ और फिर शुरुआती कुछ मिनटों में ये 743 अंकों की जोरदार उछाल के साथ 84,662 के लेवल पर जा पहुंचा था. लेकिन इसके बाद इसके गिरने का जो सिलसिला शुरू हुआ, वो बाजार में कारोबार आगे बढ़ने के साथ बढ़ता ही चला गया. खबर लिखे जाने तक Sensex इस डे-हाई से 1800 अंक का गोता लगाकर 82,862 पर आ गया था.
BSE Nifty की बात करें, तो ये भी बुरी तरह क्रैश नजर आया है. इस 50 शेयरों वाले इंडेक्स ने सोमवार को अपने पिछले बंद 25,800 की तुलना में तेजी लेकर 25,929 पर कारोबार की शुरुआत की और अगले ही पल 25,992 के लेवल पर जा पहुंचा था. लेकिन Sensex की तरह ये भी भरभराकर टूटा और खबर लिखे जाने तक अपने डे-हाई से 525 अंकों की गिरावट लेकर 25,467 के लेवल पर कारोबार कर रहा था.
—- समाप्त —-
