10 साल पुरानी शादी टूटने के बाद आमतौर पर लोग नई जिंदगी शुरू करने के लिए घर बदलते हैं. घूमने जाते हैं या अपने करियर पर ध्यान देते हैं. लेकिन अमेरिका की एक महिला ने तलाक के बाद ऐसा कदम उठाया, जिसके बारे में जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे.
महिला ने अपने पति को छोड़कर एक पालतू सुअर को अपनी जिंदगी का हिस्सा बना लिया. अब उसका ज्यादातर समय इसी सुअर की देखभाल में बीतता है. वह उसके साथ घूमने जाती है, उसे शॉपिंग पर ले जाती है और उसके लिए खास इंतजाम भी करती है.
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के टेनेसी राज्य के नैशविल की रहने वाली 33 साल की थॉम्पसन ने अपनी 10 साल पुरानी शादी खत्म होने के बाद वह सपना पूरा किया, जिसे उनका पूर्व पति कभी पूरा नहीं होने देना चाहता था. थॉम्पसन को घर में सुअर पालने का शौक था, लेकिन उनके पति इसके खिलाफ थे. तलाक फाइनल होते ही उन्होंने आठ हफ्ते की एक छोटी सुअर को गोद ले लिया, जिसका नाम डेजी रखा.
महिला का सपना था सुअर पालना
थॉम्पसन ने अपनी इस नई शुरुआत के बारे में कहा कि तलाक के बाद वह पहली बार अपने लिए कुछ करना चाहती थीं. ऐसे में अपने सपनों का पालतू सुअर घर लाना उनके लिए नई जिंदगी की सबसे अच्छी शुरुआत थी.
नवंबर 2025 में जब थॉम्पसन डेजी को घर लाई थीं, तब उसका वजन महज 9 पाउंड यानी करीब 4 किलो था. उस वक्त वह सिर्फ आठ हफ्ते की थी. लेकिन देखते ही देखते डेजी बड़ी हो गई. अब चार महीने की उम्र में उसका वजन करीब 50 पाउंड यानी 22.6 किलो हो चुका है.
डेजी अब थॉम्पसन के घर की खास सदस्य बन चुकी है. उसके लिए अलग बिस्तर, खिलौने और टॉयलेट के लिए लिटर बॉक्स तक है. इतना ही नहीं, थॉम्पसन उसे अपने साथ बाहर भी ले जाती हैं. वह उसे पट्टे से बांधकर पालतू जानवरों की दुकान पर ले जाती हैं.
थॉम्पसन के मुताबिक, दुकान में डेजी को लगभग सभी लोग पहचानते हैं. वहां के कर्मचारी उसे काफी पसंद करते हैं. वह मजाक में कहती हैं कि डेजी दुकान के हर हिस्से में सफाई करने वाली टीम का हिस्सा बन जाती है.
डेजी सिर्फ पालतू जानवरों की दुकान तक ही सीमित नहीं है. थॉम्पसन उसे सोनिक नाम के मशहूर फास्ट फूड आउटलेट पर भी लेकर जाती हैं. वहां के कर्मचारी भी डेजी को पहचानने लगे हैं और उसके लिए खास ट्रीट रखते हैं. थॉम्पसन बताती हैं कि वहां डेजी को ‘पप कप’ दिया जाता है. आमतौर पर यह ट्रीट कुत्तों के लिए होती है, लेकिन डेजी को भी इसका स्वाद खूब पसंद है.
हालांकि, जब लोग किसी महिला को सुअर के साथ पट्टे पर बांधकर घूमते देखते हैं तो हैरान जरूर होते हैं. लेकिन थॉम्पसन के परिवार के लिए यह कोई नई बात नहीं है. उन्हें बचपन से ही जानवरों से बेहद लगाव रहा है. वह घायल पक्षियों और दूसरे छोटे जीवों को बचाने और उनकी देखभाल करने का काम करती थीं.
वह कहती हैं कि आपने शार्लेट्स वेब फिल्म देखी है? मैं उस फिल्म की छोटी बच्ची जैसी हूं. बचपन से ही पक्षियों के बच्चों को बचाती और उनकी देखभाल करती रही हूं. ऐसे में घर में सुअर पालना मेरे लिए कोई हैरानी की बात नहीं है.
घर में सुअर पालना आसान नहीं, करनी पड़ती है खास तैयारी
थॉम्पसन पहले इंग्लिश मास्टिफ और ग्रेट डेन जैसी बड़ी नस्लों के कुत्ते भी पाल चुकी हैं. लेकिन डेजी के साथ उनका अनुभव थोड़ा अलग रहा. दरअसल, सुअर अपनी नाक से जमीन खोदने और चीजों को इधर-उधर करने के लिए जाने जाते हैं.
थॉम्पसन बताती हैं कि जब डेजी करीब तीन महीने की हुई तो उसने घर की अलमारियां खोलना और उनमें रखी चीजें बाहर निकालना शुरू कर दिया. इसके बाद उन्हें घर को डेजी के हिसाब से सुरक्षित बनाना पड़ा. उन्होंने कालीन और दूसरी चीजों को भी बचाने के लिए खास इंतजाम किए.
हालांकि, उनकी मानें तो डेजी की देखभाल उम्मीद से कहीं ज्यादा आसान है. वह लिटर बॉक्स में ही टॉयलेट करती है. थॉम्पसन का कहना है कि सुअर को लोग जितना गंदा समझते हैं, वे असल में उतने गंदे नहीं होते. सही तरीके से देखभाल की जाए तो वे काफी साफ-सुथरे रह सकते हैं.
थॉम्पसन के मुताबिक, डेजी की देखभाल पर शुरुआती सर्दियों के महीनों में करीब 50 डॉलर यानी लगभग 4,200 रुपये प्रति महीने खर्च हुए. हालांकि, आगे चलकर वह उसके लिए घर के बाहर एक खास बाड़ा बनवाने की योजना बना रही हैं. इसके बाद डेजी की देखभाल का खर्च घटकर करीब 20 डॉलर यानी लगभग 1,700 रुपये प्रति महीने रह सकता है.
डेजी को दिन में दो बार अनाज से बने खास पेलेट्स खिलाए जाते हैं. इसके अलावा उसे सलाद के पत्ते और चीयरियोस नाम का अनाज वाला स्नैक भी पसंद है.थॉम्पसन कहती हैं कि सुअर खाने की बची हुई चीजें भी खा लेते हैं. इससे घर में खाना बर्बाद होने की मात्रा भी कम हो गई है.
अब नए पार्टनर के साथ बसाएंगी मिनी फार्म
तलाक के बाद थॉम्पसन की जिंदगी में अब एक नया पार्टनर भी आ चुका है. वह भी उनके इस शौक को पूरी तरह समझता है और डेजी की देखभाल में मदद करता है. हर वीकेंड वह डेजी को अपनी बड़ी ग्रामीण प्रॉपर्टी पर ले जाता है, जहां उसे घूमने और जमीन खोदने के लिए ज्यादा जगह मिलती है.
थॉम्पसन और उनके नए पार्टनर ने अब साथ रहने और डेजी के लिए एक खूबसूरत बाड़ा बनाने का फैसला किया है. इतना ही नहीं, डेजी को अकेलापन महसूस न हो, इसके लिए उन्होंने ड्यूड नाम का एक दूसरा सुअर भी पाल लिया है.
दोनों की प्लानिंग आने वाले समय में एक छोटा हॉबी फार्म बनाने की है. इसमें मुर्गियां और संभव हुआ तो एक गधा भी रखा जाएगा. थॉम्पसन कहती हैं कि यह एक नए पार्टनर के साथ खूबसूरत सफर है. यही मेरा सपना है और अब मैं आखिरकार इसे जी रही हूं.
इस तरह 10 साल पुरानी शादी खत्म होने के बाद थॉम्पसन ने अपनी जिंदगी का नया रास्ता चुना है. जिस शौक को शादी के दौरान पूरा नहीं कर पाईं, अब उसी के साथ वह अपनी नई दुनिया बसा रही हैं.
—- समाप्त —-
