ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव में सोमवार शाम गैस सिलेंडर में रिसाव के बाद आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. आग की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए. इस घटना में पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि दो साल के मासूम समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि 2 दिसंबर को घर में बेटी की शादी होनी थी. इसी सिलसिले में परिवार की मां और बेटी शादी की खरीदारी के लिए घर से बाहर गई हुई थीं. इसी दौरान घर में यह हादसा हो गया.
मृतकों की पहचान 56 वर्षीय वीरपाल और उनके 24 वर्षीय बेटे अभिषेक के रूप में हुई है. वहीं, अभिषेक की पत्नी काजल और उनका दो साल का बेटा आदित्य भी हादसे में झुलस गए.
जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार शाम करीब 6:30 बजे हुई. घर में रखे गैस सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव होने लगा, जिसके बाद आग लग गई और सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया. हादसे के समय घर में मौजूद चारों लोग आग की चपेट में आ गए.
धमाके के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने वीरपाल और अभिषेक को मृत घोषित कर दिया.
सूचना मिलने पर जेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के मुताबिक, काजल और आदित्य के चेहरे झुलसे हैं. दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार ने बताया कि सोमवार शाम करीब 6:30 बजे जेवर थाना क्षेत्र के दयानतपुर गांव में एक घर में सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. जांच में पता चला कि वीरपाल के घर में सिलेंडर ब्लास्ट होने से आग लगी थी.
इस हादसे में वीरपाल (56) और उनके बेटे अभिषेक (24) की मौत हो गई. वहीं, अभिषेक की पत्नी काजल और उनका दो साल का बच्चा भी झुलस गए. दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
—- समाप्त —-
