Nvidia को जेनसन हुआंग नहीं बनाया, कहां हैं दोनों फाउंडर्स, जान कर होंगे हैरान – nvidia co founders jensen huang chris malachowsky curtis priem story ttecm


Nvidia की शुरुआत 1993 में कैलिफोर्निया के सैन जोस में एक डेनीज रेस्टोरेंट की टेबल पर हुई थी. जेनसन हुआंग के साथ क्रिस मलाचोव्स्की और कर्टिस प्रीम ने भी इस कंपनी की नींव रखी थी. आज एनवीडिया की वैल्यू करीब 4 लाख करोड़ डॉलर के आसपास है और जेनसन हुआंग की सीईओ पद पर वापसी चर्चा में है, लेकिन बाकी दोनों फाउंडर्स की जिंदगी बिल्कुल अलग दिशा में चली गई.

जेनसन हुआंग को एनवीडिया के सीईओ पद पर दोबारा बहाल किए जाने के बाद कंपनी एक बार फिर सुर्खियों में है. AI चिप की दुनिया में एनवीडिया की ताकत और हुआंग की पहचान किसी से छिपी नहीं है. लेकिन इस कंपनी की कहानी सिर्फ एक व्यक्ति की सफलता की कहानी नहीं है.

यह भी पढ़ें: एक फैसले ने बदल दी किस्मत? NVIDIA के को-फाउंडर ने गंवाई ₹45 लाख करोड़ की हिस्सेदारी

तीन लोगों ने मिल कर बनाया Nvidia, रेस्ट्रों आया आईडिया

साल 1993 में जेन्सेन हुआंग ने दो इंजीनियरों क्रिस मलाचोव्स्की और कर्टिस प्रीम के साथ मिलकर एनवीडिया की शुरुआत की थी. तीनों की मुलाकात कैलिफोर्निया के सैन जोस में डेनीज नाम के एक रेस्टोरेंट में हुई थी.

वहां उन्होंने ऐसे चिप बनाने का विचार रखा था, जो कंप्यूटर पर बेहतर 3डी ग्राफिक्स चला सकें. यही विचार आगे चलकर दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप कंपनियों में से एक की नींव बना.

आज तीनों फाउंडर्स में से दो की जिंदगी काफी अलग है. क्रिस मलाचोव्स्की अब भी एनवीडिया से जुड़े हैं, जबकि कर्टिस प्रीम ने दो दशक से ज्यादा पहले कंपनी छोड़ दी थी. प्रीम अब टेक्नोलॉजी के साथ-साथ शिक्षा और रिसर्च के लिए दान देने के काम में सक्रिय हैं.

क्रिस मलाचोव्स्की: एनवीडिया के साथ आज भी जुड़े हैं दूसरे संस्थापक

क्रिस मलाचोव्स्की इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं. एनवीडिया शुरू करने से पहले वह सन माइक्रोसिस्टम्स और हेवलेट-पैकर्ड जैसी कंपनियों में इंजीनियरिंग और टेक्नोलॉजी से जुड़े पदों पर काम कर चुके थे.

यह भी पढ़ें: हाथ में लाल ब्रा, चेहरे पर खून और पीछे NVIDIA का झंडा… ट्रंप ने जेनसन हुआंग की वापसी पर क्यों शेयर की ऐसी तस्वीर?

एनवीडिया में उन्होंने सिर्फ चिप डिजाइन तक खुद को सीमित नहीं रखा. कंपनी के शुरुआती दौर से ही उन्होंने प्रोडक्ट इंजीनियरिंग, आईटी और ऑपरेशंस जैसे अहम काम संभाले. वह कंपनी की रिसर्च टीम का नेतृत्व भी कर चुके हैं. एनवीडिया के मुताबिक, कंपनी की मुख्य टेक्नोलॉजी और भविष्य की योजनाओं को आगे बढ़ाने में उनका अहम योगदान रहा है.

आज मलाचोव्स्की कंपनी के एनवीडिया फेलो और सीनियर टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव हैं. उनकी संपत्ति और एनवीडिया में मौजूदा हिस्सेदारी को लेकर सार्वजनिक जानकारी लिमिटेड है. 2002 की अमेरिकी SEC फाइलिंग में उनके पास कंपनी की करीब 5.2% हिस्सेदारी दर्ज थी. लेकिन इसे उनकी आज की हिस्सेदारी नहीं माना जा सकता. फिलहाल उनके मौजूदा शेयरों की संख्या और नेटवर्थ का कोई भरोसेमंद सार्वजनिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है.

कर्टिस प्रीम: एनवीडिया के पहले सीटीओ, लेकिन 2003 में ले लिया रिटायरमेंट

तीसरे सह-संस्थापक कर्टिस प्रीम भी इलेक्ट्रिकल इंजीनियर और ग्राफिक्स चिप डिजाइनर थे. एनवीडिया से पहले वह आईबीएम और सन माइक्रोसिस्टम्स में काम कर चुके थे. कंपनी बनने के बाद वह इसके पहले चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर यानी सीटीओ बने और करीब 10 साल तक इस भूमिका में रहे.

प्रीम ने 2003 में एनवीडिया से रिटायरमेंट ले लिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके पीछे निजी कारण भी थे. उन्होंने कंपनी से दूरी बना ली और धीरे-धीरे सार्वजनिक जीवन से भी दूर होते गए.

यह भी पढ़ें: जेनसन हुआंग फिर बने NVIDIA के CEO, चीनी महिला से अफेयर के चलते गई थी कुर्सी

आज प्रीम कैलिफोर्निया में कम चर्चा वाली जिंदगी बिताते हैं. उनका ध्यान शिक्षा, रिसर्च और परोपकार पर है. वह अपने पुराने संस्थान रेंससेलर पॉलिटेक्निक इंस्टीट्यूट यानी आरपीआई के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज के वाइस चेयरमैन हैं. उनकी प्रीम फैमिली फाउंडेशन शिक्षा और टेक्नोलॉजी से जुड़े कामों में मदद करती है.

प्रीम ने आरपीआई को 2001 से अब तक 27.5 करोड़ डॉलर से ज्यादा देने में योगदान किया है. भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 2,548 करोड़ रुपये होती है. उन्होंने यूनिवर्सिटी में क्वांटम कंप्यूटिंग रिसर्च को बढ़ावा देने के लिए भी मदद दी है.

तीनों संस्थापकों की राह अब अलग-अलग

जेनसन हुआंग आज एनवीडिया का सबसे जाना-पहचाना चेहरा हैं और कंपनी की कमान संभाल रहे हैं. क्रिस मलाचोव्स्की कंपनी के भीतर रहकर उसकी तकनीकी दिशा और भविष्य की रिसर्च से जुड़े हैं.

वहीं कर्टिस प्रीम ने 2003 में रिटायरमेंट लेकर अपनी राह बदल ली. उन्होंने अपने शेयरों का बड़ा हिस्सा चैरिटी के लिए दिया और बाकी हिस्सेदारी भी बेच दी. अब उनका समय शिक्षा, विज्ञान और समाज के लिए काम करने में बीत रहा है.

एनवीडिया की कहानी में जेन्सेन हुआंग का नाम सबसे ज्यादा चमकता है, लेकिन इस कंपनी की नींव तीन इंजीनियरों ने मिलकर रखी थी. आज उनकी मंजिलें अलग हैं, लेकिन 1993 में डेनीज की एक टेबल पर शुरू हुई बातचीत ने टेक जगत की दिशा बदल दी.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *