स्मार्टफोन की बैटरी खत्म होने की टेंशन से परेशान रहने वाले लोगों के लिए Realme एक बड़ा सरप्राइज तैयार कर रहा है. कंपनी की अगली मिड-रेंज सीरीज के Realme 17 Pro की पहली तस्वीरें इंटरनेट पर सामने आई हैं.
लीक हुई तस्वीरों में फोन का मैट ब्लैक डिजाइन दिखाई दे रहा है. इसका कैमरा मॉड्यूल भी पहले के मुकाबले बदला हुआ नजर आ रहा है. लेकिन इस फोन की सबसे बड़ी चर्चा इसके कैमरे या डिजाइन की नहीं, बल्कि इसकी 10,000mAh की बैटरी की है.
अगर ये जानकारी सही साबित होती है तो Realme 17 Pro में मौजूदा स्मार्टफोन के मुकाबले काफी बड़ी बैटरी मिल सकती है. इसके साथ 144Hz AMOLED डिस्प्ले, MediaTek Dimensity प्रोसेसर और 65W फास्ट चार्जिंग मिलने की भी चर्चा है.
पहली बार तस्वीरों में दिखा Realme 17 Pro, ऐसा होगा डिजाइन
Realme 17 Pro की कथित लाइव तस्वीरें टिप्स्टर अभिषेक यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर की हैं. इन तस्वीरों में फोन का पिछला हिस्सा मैट फिनिश के साथ दिखाई देता है. इसका रंग डार्क ग्रे या मैट ब्लैक जैसा नजर आ रहा है. फोन के किनारे फ्लैट रखे गए हैं, जिससे इसका लुक काफी साफ और आधुनिक दिखाई देता है.
फोन के पीछे कैमरा मॉड्यूल में भी बदलाव देखने को मिल सकता है. इसमें स्कवॉयर कैमरा आइलैंड दिया गया है, लेकिन लेंस की जगह और उनका डिजाइन बदला हुआ नजर आता है. कैमरा मॉड्यूल में दो लंबे कटआउट दिखाई देते हैं और इनके नीचे LED फ्लैश दिया गया है. इसका डिजाइन हाल के OnePlus स्मार्टफोन की याद दिलाता है.
फोन के सामने की तरफ सेल्फी कैमरे के लिए बीच में पंच होल दिया गया है. इसके अलावा स्क्रीन के चारों तरफ पतले बेजल दिखाई देते हैं. हालांकि, ये शुरुआती लीक तस्वीरें हैं. लॉन्च के समय फोन का डिजाइन कुछ अलग भी हो सकता है.
10,000mAh की बैटरी से कितने दिन चलेगा फोन?
Realme 17 Pro की सबसे बड़ी खासियत इसकी कथित 10,000mAh बैटरी हो सकती है. आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में 5,000mAh से लेकर 7,000mAh तक की बैटरी देखने को मिलती है. ऐसे में 10,000mAh की बैटरी वाला फोन बाजार में आता है तो यह उन लोगों के लिए खास हो सकता है जिन्हें बार-बार फोन चार्ज करने की परेशानी होती है.
इसका अंतर समझने के लिए Realme 16 Pro को देख सकते हैं. इस फोन में 7,000mAh की बैटरी दी गई है. यानी नए मॉडल में करीब 43 फीसदी ज्यादा बैटरी कैपेसिटी मिलने की बात सामने आई है.
हालांकि, बड़ी बैटरी का मतलब यह नहीं है कि फोन हर यूजर के लिए तीन या चार दिन आसानी से चलेगा. बैटरी कितनी देर चलेगी, यह स्क्रीन की ब्राइटनेस, इंटरनेट इस्तेमाल, गेमिंग, कैमरा और बैकग्राउंड में चलने वाले ऐप्स पर भी निर्भर करेगा. फिर भी 10,000mAh की बैटरी उन लोगों के लिए बड़ा बदलाव हो सकती है जो दिनभर फोन का इस्तेमाल करते हैं.
बड़ी बैटरी के साथ धीमी हो सकती है चार्जिंग
लीक के मुताबिक Realme 17 Pro में 65W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिल सकता है. वहीं, इसके पिछले मॉडल Realme 16 Pro में 80W चार्जिंग दी गई थी.
इसका मतलब है कि बैटरी की केपैसिटी बढ़ने के बावजूद चार्जिंग स्पीड में कमी देखने को मिल सकती है. 10,000mAh की बैटरी को 65W चार्जर से पूरी तरह चार्ज होने में कितना समय लगेगा, इसका अभी पता नहीं है.
144Hz AMOLED डिस्प्ले और MediaTek प्रोसेसर भी मिलेगा
बैटरी के अलावा Realme 17 Pro में 144Hz रिफ्रेश रेट वाला AMOLED डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है. 144Hz रिफ्रेश रेट का फायदा फोन इस्तेमाल करते समय स्क्रीन की स्मूदनेस में दिखाई देता है. सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करना हो या गेम खेलना हो, ज्यादा रिफ्रेश रेट से स्क्रीन पर मूवमेंट बेहतर नजर आ सकता है.
फोन में MediaTek Dimensity 7300 प्रोसेसर दिए जाने की भी चर्चा है. यह 4nm तकनीक पर बना चिपसेट है. हालांकि, सिर्फ प्रोसेसर का नाम देखकर बड़े परफॉर्मेंस अपग्रेड की उम्मीद करना सही नहीं होगा.
कैमरे में हो सकता है बड़ा बदलाव, सेल्फी कैमरा होगा कमजोर?
Realme 17 Pro के कैमरे को लेकर भी कुछ जानकारी सामने आई है. लीक के मुताबिक इसमें 32MP का फ्रंट कैमरा मिल सकता है. अगर ऐसा होता है तो यह पिछले मॉडल के 50MP सेल्फी कैमरे से कम रिजॉल्यूशन वाला होगा. यानी कंपनी बैटरी पर ज्यादा ध्यान दे सकती है, लेकिन सेल्फी कैमरे के मामले में यूजर्स को समझौता करना पड़ सकता है.
फोन के रियर कैमरे को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है. Realme 16 Pro में 200MP का मेन कैमरा मिलता है. लेकिन नए फोन में भी यही कैमरा मिलेगा या कंपनी इसमें बदलाव करेगी, इसकी पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए अभी 200MP कैमरे को Realme 17 Pro का पक्का फीचर मानना जल्दबाजी होगी.
भारत में कब लॉन्च होगा Realme 17 Pro और कितनी होगी कीमत?
Realme ने अभी तक Realme 17 Pro की लॉन्च डेट और कीमत का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है. इसलिए भारत में इसकी कीमत को लेकर कोई पक्की जानकारी उपलब्ध नहीं है.
तुलना के लिए बता दें कि Realme 16 Pro को भारत में जनवरी 2026 में लॉन्च किया गया था. इसकी शुरुआती कीमत 31,999 रुपये रखी गई थी. नए मॉडल में बड़ी बैटरी और दूसरे बदलावों को देखते हुए इसकी कीमत अलग हो सकती है, लेकिन फिलहाल किसी संभावित कीमत का दावा करना सही नहीं होगा.
—- समाप्त —-
