Headlines

‘मन की शांति चाहिए तो खुद से लड़ना छोड़ दें’, पंडित प्रदीप मिश्रा ने बताया जीवन का मंत्र – sahitya aaj tak 2026 pandit pradeep mishra mind peace stress life lessons tvisz


साहित्य आजतक 2026 के मंच पर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने तनाव, मानसिक शांति और जीवन के असली उद्देश्य पर खुलकर बात की. ‘द शिवा वे: स्ट्रेस के दौर में मन की शांति’ सत्र में उन्होंने बताया कि भागदौड़ भरी जिंदगी में इंसान अपने मन को शांत कैसे रख सकता है. उन्होंने शिव महापुराण का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि मन की शांति पाने का सबसे सरल रास्ता है खुद से लड़ना बंद करना और दूसरों से लड़ना छोड़ देना. उन्होंने यह भी समझाया कि आखिर इंसान पूरी जिंदगी धन कमाने की दौड़ में क्यों लगा रहता है, जबकि अंत में उसकी जरूरतें बहुत सीमित होती हैं. 

खुद से लड़ना बंद करें, तभी मिलेगी मन की शांति

पंडित प्रदीप मिश्रा ने बताया कि मन की शांति के लिए सबसे जरूरी है अपने आप पर भरोसा करना. व्यक्ति को यह समझना चाहिए कि वह जो भी कर रहा है, वह दुनिया को दिखाने के लिए नहीं, बल्कि अपने और अपने परिवार के लिए कर रहा है. उन्होंने कहा कि आज से यह बात गांठ बांध लें कि अपने परिवार और खुद के लिए कुछ करके दिखाना है. दूसरों से आगे निकलने की होड़ में व्यक्ति अपनी शांति खो देता है. इसलिए खुद पर भरोसा रखें और अपनी जिम्मेदारियों को समझें. 

यह भी पढ़ें: भूपेन हजारिका का संगीत प्रेरणा, जुबीन गर्ग भरते हैं जोश… साहित्य आजतक के मंच पर हिमंत सरमा ने सराहा

शिव महापुराण का प्रसंग सुनाकर समझाया शांति का महत्व

पंडित प्रदीप मिश्रा ने शिव महापुराण का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि जब भगवान नारायण ने सभी को उनकी पसंद के अनुसार राज्य और स्थान देने की बात कही, तब सबने अपनी-अपनी पसंद चुन ली. किसी ने बैकुंठ का राज्य लिया तो किसी ने स्वर्ग का. आखिर में केवल पृथ्वी बची. भगवान शिव से कहा गया कि अब पृथ्वी के देवता आप बन जाइए. 

इस पर शिवजी ने कहा कि वह इसके लिए तैयार हैं, लेकिन पहले कुछ लोगों से बात करना चाहते हैं. इसके बाद मछली से पूछा गया कि उसे क्या चाहिए? मछली ने कहा कि उसे केवल जल चाहिए. वृक्ष से पूछा गया तो उसने मिट्टी मांगी. पक्षियों ने कहा कि उन्हें वायु का संचार चाहिए. जब मनुष्य से पूछा गया कि उसे क्या चाहिए, तो उसने कहा कि उसे मन की शांति चाहिए. 

पंडित प्रदीप ने बताया कि मन की शांति की बात सुनकर भगवान शिव मौन हो गए. माता पार्वती ने उनसे पूछा कि आप मनुष्य को उसकी जरूरत की चीज क्यों नहीं देते? इस पर शिवजी ने कहा कि मन की शांति को उन्होंने अपने चरणों में दबाकर रखा है. जब दुनिया के लोग उनके पास आएंगे और एक लोटा जल चढ़ाएंगे, तो उन्हें मन की शांति अपने आप मिलेगी. उन्होंने कहा कि इसी शांति की तलाश में लोग आज भी शिवालयों तक पहुंचते हैं. 

शिव से कुछ पाना है तो खुद पर रखें भरोसा

पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि शिव से कुछ पाना हो तो सबसे पहले अपने आप पर भरोसा करना सीखें. उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि अपने आप पर, अपने बाप पर और शिव से मांगना शुरू कर दो, सब कुछ मिल जाएगा. उनका कहना था कि व्यक्ति को अपनी मेहनत और विश्वास पर भरोसा रखना चाहिए. हर परेशानी का हल दूसरों से उम्मीद लगाने में नहीं, बल्कि खुद को मजबूत बनाने में है. 

मृत्यु निश्चित है तो धन के पीछे इतनी दौड़ क्यों?

कार्यक्रम के दौरान उनसे सवाल किया गया कि जब मृत्यु जीवन का शाश्वत सच है, तो इंसान पूरी जिंदगी दौड़ क्यों रहा है? कितना पैसा पर्याप्त है और जीवन में संतुलन कैसे बनाया जाए?

इस पर उन्होंने कहा कि सबसे पहले यह समझना होगा कि परमात्मा ने मनुष्य को पृथ्वी पर क्यों भेजा है. व्यक्ति को केवल अपने लिए नहीं, बल्कि अपने जीवनसाथी, बच्चों और पूरे परिवार को संभालने और उनका भरण-पोषण करने के लिए भी जीवन मिला है. उन्होंने कहा कि मृत्यु तो निश्चित है , हर व्यक्ति को एक दिन उस मुकाम तक पहुंचना है. ऐसे में जीवन को तनाव और भागदौड़ में बिताने के बजाय अच्छी तरह जीना चाहिए. 

दो रोटी आप भी खाते हैं, हम भी खाते हैं

धन कमाने की होड़ पर बात करते हुए पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि व्यक्ति को सोचना चाहिए कि वह आखिर किसके लिए पैसा जोड़ रहा है. अगर पूरी जिंदगी धन कमाने में निकल गई और उसका सुख ही नहीं ले पाए, तो ऐसे धन का क्या फायदा? उन्होंने अपने चुटीले अंदाज में कहा कि लोग कहते हैं बाबाओं के पास बहुत धन है, लेकिन उनसे पूछिए कि क्या वे सोने की रोटी खाते हैं या सोने के पलंग पर सोते हैं? दो रोटी आप भी खाते हैं और दो रोटी हम भी खाते हैं. 

उन्होंने जल का महत्व बताते हुए कहा कि आखिर में 50 लाख रुपये की गाड़ी में घूमने वाला व्यक्ति भी 50 रुपये के लोटे में जल भरकर हरिद्वार के जल तक पहुंचता है. उनकी बात का आशय था कि व्यक्ति कितना भी धनवान क्यों न हो, उसकी बुनियादी जरूरतें सीमित ही रहती हैं. 

 समझदारी से चुनें अपना रास्ता

पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि हर व्यक्ति समझदार है और उसे पता होना चाहिए कि कहां जाना है और कहां से दूर रहना है. किसी जगह या परिस्थिति में एक बार परेशानी का अनुभव हो जाए तो दोबारा वहां फंसने से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि जीवन में धन कमाना जरूरी है, लेकिन इसके लिए अपनी मानसिक शांति, परिवार और स्वास्थ्य को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. 

उनके मुताबिक, जीवन का असली संतुलन तभी बन सकता है जब व्यक्ति खुद पर भरोसा करे, परिवार की जिम्मेदारियां निभाए और दूसरों से प्रतिस्पर्धा करने के बजाय अपने जीवन को बेहतर बनाने पर ध्यान दे. 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *