नागरिकता से पहले वोटर लिस्ट में नाम? सोनिया गांधी के मामले में ये बोली दिल्ली पुलिस – Sonia Gandhi citizenship voter roll name delhi Police ntc rmxk


कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की भारतीय नागरिकता और वोटर लिस्ट में नाम जुड़े होने की टाइमिंग को लेकर विवाद खत्म नहीं हो रहा है. अब दिल्ली पुलिस ने शनिवार को अदालत में दो रिपोर्ट दाखिल की.

इस मामले से जुड़े एक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी का नाम साल 1980 में इलेक्टोरल रोल में शामिल किया गया था, जबकि उन्हें भारतीय नागरिकता वर्ष 1983 में यानी तीन साल बाद मिली थी.

ACJM विनोद जोशी ने पुलिस से इस मामले में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी थी. अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की है.

27 नवंबर की पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोप इंद्रप्रस्थ एस्टेट पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में नहीं आते थे. इसलिए आवश्यक कार्रवाई के लिए शिकायत नई दिल्ली स्थानांतरित कर दी गई थी.

पुलिस ने शनिवार को अदालत को बताया कि बाद में शिकायत को तुगलक रोड पुलिस थाने में भेज दिया गया. अदालत की ओर से अधिक जानकारी मांगे जाने के बाद थाना प्रभारी ने कार्रवाई से संबंधित एक और रिपोर्ट दाखिल की.

दूसरी रिपोर्ट में कहा गया कि नई दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट को नोटिस भेजकर वर्ष 1980 और 1983 की वोटर लिस्ट में सोनिया गांधी के नाम से संबंधित जानकारी मांगी गई थी. जिला प्रशासन के जवाब में पुष्टि हुई कि इन मतदाता सूचियों में सोनिया गांधी का नाम शामिल था.

हालांकि, पुलिस रिपोर्ट में कहा गया कि उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल करने से संबंधित फॉर्म-6 और अन्य दस्तावेज अभी तक नहीं मिल पाए हैं. इन दस्तावेजों का पता लगाने की कोशिश जारी है.

पुलिस रिपोर्ट में कहा गया कि आगे की जांच के दौरान होम मिनिस्ट्री के फॉरेनर्स डिवीजन, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम- नई दिल्ली को नोटिस भेजा गया. इसमें पूछा गया कि सोनिया गांधी को किस तारीख को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई थी.

रिपोर्ट के अनुसार, 30 अप्रैल 1983 को एंटोनिया माइनो उर्फ सोनिया गांधी के नाम से नागरिकता प्रमाणपत्र जारी किया गया था. जांच किए जाने पर इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सकता है.

अदालत अब 14 दिसंबर को इस मामले में दोबारा सुनवाई करेगी. इस बीच दिल्ली पुलिस सोनिया गांधी के वोटर लिस्ट में नाम दर्ज होने से संबंधित अन्य दस्तावेजों का पता लगाने में जुटी हुई है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *