Bajra Raab Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही खानपान में कई बदलाव हो जाते हैं. इस दौरान लोग ऐसी चीजें खाना-पसंद करते हैं जो टेस्टी होने के साथ शरीर को गर्माहट का एहसास भी दें. यही वजह है कि ठंड के दिनों में बाजरे से बनी डिशेज की मांग बढ़ जाती है. बाजरे की रोटी, खिचड़ी और दलिया तो आपने कई बार खाया होगा लेकिन क्या कभी राजस्थान का मशहूर बाजरे का राब चखा है. यह राजस्थान का एक पारंपरिक ड्रिंक है, जिसे खासतौर पर सर्दियों में बड़े चाव से पिया जाता है.
बाजरे के आटे, छाछ और कुछ मसालों से तैयार होने वाला यह राब स्वाद में हल्का खट्टा और चटपटा होता है. इसे गरमागरम पीने का अपना अलग ही मजा है. तो अगर आप भी इस सर्दी कुछ नया और देसी ट्राई करना चाहते हैं तो घर पर आसानी से बाजरे का राब बना सकते हैं. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी.
इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
½ कप बाजरे का आटा
500 मिलीलीटर छाछ
1 लीटर पानी
स्वादानुसार नमक
स्वादानुसार जीरा पाउडर
सजाने के लिए हरा धनिया
बाजरे का राब कैसे बनाते हैं?
- बाजरे का राब बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बाउल में बाजरे का आटा लें. अब इसमें थोड़ा-थोड़ा करके छाछ डालें और अच्छी तरह मिलाते जाएं. ध्यान रखें कि मिश्रण में गांठें न पड़ें. जब आटा और छाछ अच्छी तरह मिल जाएं, तो इसे एक मिट्टी के बर्तन या भगोने में डाल दें.
- अब इसमें पानी मिलाकर गैस पर चढ़ाएं और तेज आंच पर लगातार चलाते हुए उबाल आने दें. उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें और मिश्रण को करीब 20 मिनट तक पकाएं. इस दौरान इसे बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि यह बर्तन के तले में चिपके नहीं.
- जब राब अच्छी तरह पक जाए, तो इसमें स्वादानुसार नमक और जीरा पाउडर डालकर मिला दें. इसे कुछ देर और पकाएं, ताकि सभी मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाए. अब गैस बंद कर दें. तैयार बाजरे के राब को हरे धनिये से सजाएं और गर्मागर्म सर्व करें.
- सर्दियों में आप इसे सुबह के नाश्ते या शाम के समय पी सकते हैं. राजस्थान का यह पारंपरिक पेय स्वाद में भी अच्छा लगता है और बनाने में भी ज्यादा मेहनत नहीं लगती.
—- समाप्त —-
