लखनऊ में एकतरफा प्यार और शादी के दबाव से जुड़ी सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां शादी से इनकार करने पर एक युवक ने कथित तौर पर युवती के घर में घुसकर ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि पूरा परिवार दर्द से कराह उठा. आरोपी ने युवती ही नहीं, उसके माता-पिता को भी तेजाब से निशाना बनाया. विरोध करने पर युवती की मां पर चाकू से ताबड़तोड़ वार भी किए. इस हमले में तीन लोग घायल हो गए हैं.
घटना लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र की है. रविवार तड़के करीब 4 बजे आरोपी तौसीफ युवती के घर पहुंचा. बताया जा रहा है कि युवती ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था. इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने घर में घुसकर युवती और उसके माता-पिता पर तेजाब फेंक दिया.
अचानक हुए इस हमले से परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला. घटना से घर में चीख-पुकार मच गई. इस दौरान युवती की मां ने जब आरोपी का विरोध किया तो उसने चाकू निकाल लिया और उन पर हमला कर दिया. चाकू के वार से भी महिला को चोटें आई हैं.
KGMU में भर्ती कराए गए तीनों घायल
घटना के बाद घायल युवती और उसके माता-पिता को आनन-फानन में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में भर्ती कराया गया. तीनों का इलाज चल रहा है. वहीं, इस हमले के दौरान आरोपी तौसीफ भी तेजाब की चपेट में आकर झुलस गया. उसे भी चोटें आई हैं.
शादी से इनकार करने पर घर में घुसकर पूरे परिवार को निशाना बनाने की इस घटना ने राजधानी लखनऊ में सनसनी फैला दी है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी ने युवती के साथ उसके माता-पिता को भी नहीं बख्शा. अब इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर है.
—- समाप्त —-
