‘अगर वह सिंघम हैं, तो मैं पुष्पा हूं’, आईपीएस अजय पाल शर्मा पर भड़के TMC नेता जहांगीर खान – If he is Singham I am Pushpa ips ajay pal sharma tmc leader Jahangir Khan lclnt


पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान से पहले दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा क्षेत्र में बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया, जब निर्वाचन आयोग द्वारा तैनात उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा के दौरे को लेकर तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शर्मा पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने का आरोप लगाया. तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान ने लोकप्रिय फिल्मों का हवाला देते हुए कहा, ‘यह बंगाल है, अगर वह ‘सिंघम’ हैं, तो मैं ‘पुष्पा’ ‘हूं.

अधिकारियों के मुताबिक, तृणमूल समर्थकों ने स्थानीय उम्मीदवार जहांगीर खान के आवास और चुनाव कार्यालय के बाहर ‘जय बंगला’ के नारे लगाए. यह विरोध उस समय हुआ जब निर्वाचन आयोग को शिकायत मिली थी कि जहांगीर खान के करीबी लोग क्षेत्र में मतदाताओं के पहचान पत्र इकट्ठा कर रहे हैं और उन्हें धमका रहे हैं. इसी शिकायत की जांच के लिए अजय पाल शर्मा ने इलाके का दौरा किया.

चुनाव आयोग ने क्या कहा?
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि अजय पाल शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्पष्ट कहा कि वह उम्मीदवार या उसके सहयोगियों को मतदाताओं को डराने की अनुमति नहीं देंगे. अधिकारियों ने यह भी बताया कि दूसरे चरण के स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान को सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने 95 पर्यवेक्षकों की तैनाती की है, जिनमें अजय पाल शर्मा भी शामिल हैं.

क्या बोले TMC उम्मीदवार जहांगीर खान?
उत्तर प्रदेश में ‘सिंघम’ के नाम से चर्चित 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा का यह दौरा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान ने लोकप्रिय फिल्मों का हवाला देते हुए कहा, ‘यह बंगाल है, अगर वह ‘सिंघम’ हैं, तो मैं ‘पुष्पा’ ‘हूं. उत्तर प्रदेश से आए भाजपा-नियुक्त पुलिस अधिकारी फाल्टा में मतदाताओं को धमकाने की कोशिश नहीं कर सकते.’

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि पुलिस बल के साथ आए अधिकारियों ने उन पर और उनके लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश की. जहांगीर खान ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में इस तरह की कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है.

अजय पाल शर्मा TMC कैंडिडेट के घर पहुंचे थे 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजय पाल शर्मा सोमवार को तृणमूल उम्मीदवार के घर पहुंचे थे और चेतावनी दी थी कि यदि मतदाताओं को डराने की खबर मिली, तो प्रशासन सख्त और त्वरित कार्रवाई करेगा. फाल्टा, डायमंड हार्बर लोकसभा सीट के अंतर्गत आता है, जिसका प्रतिनिधित्व तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी करते हैं.

तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने जताई आपत्ति
इस घटनाक्रम पर तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों ने भी कड़ी आपत्ति जताई. पश्चिम बंगाल की मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा, ‘मीडिया ने उन्हें ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ कहा है. हम हैरान हैं कि ऐसे अधिकारी यहां क्या कर रहे हैं? क्या उन्हें रात में किसी के घर जाकर धमकी देने का अधिकार है? क्या बिना किसी ठोस सबूत के लोगों को गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है?’

उन्होंने कहा कि तृणमूल इस तरह की कार्रवाइयों की निंदा करती है और ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें किसी न किसी बहाने शांति भंग करने के लिए लाया गया है.

एक अन्य मंत्री अरूप बिस्वास ने कहा, ‘पर्यवेक्षकों से निष्पक्ष रहने की अपेक्षा की जाती है. यदि कोई संवैधानिक सीमाओं से बाहर जाकर किसी विशेष दल को निशाना बनाता है, तो उसे कानूनी चुनौती दी जाएगी.’

महुआ मोइत्रा ने शेयर किया डांस का वीडियो
इस बीच तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एक व्यक्ति पब में डांस करता दिखाई दे रहा है. उन्होंने उस पोस्ट में अजय पाल शर्मा को टैग करते हुए लिखा, ‘आपको आनंद लेते देख अच्छा लगा… उम्मीद है आपकी पुलिसिंग क्षमता आपकी डांस क्षमता से बेहतर होगी.’

इस पूरे घटनाक्रम ने पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल को और अधिक गरमा दिया है. मतदान से पहले प्रशासनिक सख्ती, राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप और नेताओं की तीखी बयानबाजी ने फाल्टा को राज्य की सबसे चर्चित सीटों में ला खड़ा किया है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *