पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने लाल सागर में सऊदी तेल टैंकरों पर हुए हूती विद्रोहियों के हमले की निंदा की है. PMO की मानें तो शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद से फोन पर बात की है.
गुरुवार को सुबह ईरान समर्थित हूतियों के हमले के बाद शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के पीएम से फोन पर बात की. बातचीत के दौरान PM शहबाज ने कहा कि लाल सागर में सऊदी तेल टैंकरों पर हूती मिलिशिया के किए गए इस हमले की पाकिस्तान कड़े से कड़े शब्दों में निंदा करता है.
दरअसल यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने हाल ही में सऊदी अरब के खिलाफ समुद्री नाकेबंदी का ऐलान किया था. हूतियों का कहना था कि यमन के उनके नियंत्रण वाले इलाकों के बंदरगाहों और एयरपोर्ट पर सऊदी अरब की लगाई गई नाकेबंदी के जवाब में बाब अल-मंदेब में सऊदी जहाजों को रोकेंगे.
‘अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा’
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि इस तरह की हरकतें पूरी तरह से अमान्य हैं. ये अंतरराष्ट्रीय कानून का सीधा उल्लंघन है. इससे जहाजों की आवाजाही की स्वतंत्रता और कमर्शियल शिपिंग को खतरा पहुंचता है, जिससे क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता को नुकसान होता है. PM शहबाज ने भरोसा दिया कि पाकिस्तान सऊदी अरब के साथ है.
उन्होंने कहा कि वो खुद सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर और पूरा पाकिस्तान इस नाजुक समय में सऊदी नेतृत्व और वहां की भाईचारा रखने वाली जनता के साथ मजबूती से खड़े हैं.
यह भी पढ़ें: होर्मुज का बदला बाब अल-मंदेब से? हूतियों के ऐलान से अमेरिका-ईरान जंग में नया मोड़
ग्लोबल ट्रेड और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने का भरोसा
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने क्राउन प्रिंस को भरोसा दिया कि पाकिस्तान लाल सागर, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और पूरे क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, स्थिरता तथा वैध समुद्री व्यापार के बिना किसी रुकावट के संचालन के लिए सऊदी अरब और अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा. सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने पाकिस्तान के समर्थन और दोनों देशों के बीच दोस्ती संबंधों की तारीफ की.
—- समाप्त —-
