इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा दावा किया है कि ईरान ने उनके एक बेटे की हत्या करने की कोशिश की थी. हालांकि, उन्होंने इस कथित साजिश को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं दी. नेतन्याहू ने यह भी नहीं बताया कि ईरान ने उनके किस बेटे को निशाना बनाया था और कथित हमले की योजना कितनी आगे तक पहुंची थी.
नेतन्याहू ने सोमवार को इजरायल के चैनल 14 को दिए एक टेलीफोन इंटरव्यू में यह दावा किया. उन्होंने कहा कि ईरान ने उनके एक बेटे को मारने की कोशिश की और इसी वजह से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवारों को सुरक्षा देना कोई लग्जरी नहीं, बल्कि जरूरी है.
यह भी पढ़ें: मुनीर-नकवी अचानक क्यों गए ईरान, क्या फिर शुरू होगी शांति वार्ता? आया बड़ा अपडेट
यह बयान ऐसे समय आया है जब फरवरी में शुरू हुई अमेरिका-इजरायल और ईरान की जंग के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बेहद बढ़ गया है. इस संघर्ष में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ ईरानी नेताओं के मारे जाने का दावा किया गया था.
किस बेटे को बनाया गया निशाना?
नेतन्याहू ने यह साफ नहीं किया कि वह अपने किस बेटे की बात कर रहे हैं. उनके बड़े बेटे याइर नेतन्याहू मियामी में रहते हैं. ईरान के न्यूयॉर्क स्थित मिशन ने नेतन्याहू के आरोप पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी.
नेतन्याहू ने यह दावा उस विवाद के बीच किया, जिसमें इजरायल की सुरक्षा एजेंसी शिन बेट पर एक राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को सुरक्षा देने से इनकार करने की खबरें सामने आई थीं. उन्होंने कहा कि उन्होंने शिन बेट प्रमुख डेविड जिनी से कहा है कि चुनाव में प्रधानमंत्री पद के हर उम्मीदवार को उचित सुरक्षा दी जानी चाहिए.
यह भी पढ़ें: होर्मुज में ईरान ने खोल लिया ‘टोल प्लाजा’! जहाजों से वसूलेगा फीस, पसंद की करेंसी में लेगा पेमेंट
चुनाव से पहले बढ़ी सियासी गर्मी
इजरायल में 27 अक्टूबर को आम चुनाव होने हैं और नेतन्याहू की गठबंधन सरकार फिलहाल ओपिनियन पोल में पिछड़ती दिख रही है. रिपोर्टों के मुताबिक, गादी आइजेनकोट की पार्टी सबसे ज्यादा सीटें जीत सकती है. हालांकि, इजरायल में सरकार बनाने के लिए आमतौर पर कई पार्टियों का गठबंधन जरूरी होता है.
ऐसे में नेतन्याहू का ईरान पर अपने बेटे की हत्या की कोशिश का आरोप सुरक्षा और ईरान के खतरे को लेकर चुनावी बहस को और गर्म कर सकता है. फिलहाल इस कथित साजिश के बारे में इजरायली प्रधानमंत्री की ओर से कोई विस्तृत सबूत या जानकारी सामने नहीं आई है.
—- समाप्त —-
