अहमदाबाद के निकोल इलाके में मौजूद एक ज्वैलर्स शोरूम से 1.66 करोड़ रुपये के गहनों की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. इस हाई प्रोफाइल चोरी कांड में पहले महिला आरोपी हर्षिदा शेट्टी को गिरफ्तार किया गया था और अब उसके प्रेमी मयूर माली को भी पुलिस ने पकड़ लिया है. निकोल पुलिस ने मयूर को अहमदाबाद रिंग रोड से गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड मयूर ही था.
पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद दोनों प्रेमी नई जिंदगी शुरू करने का सपना देख रहे थे. लेकिन यह कहानी प्यार, लालच और धोखे में बदल गई. अब दोनों आरोपी जेल में बंद हैं. पुलिस ने दोनों के पास से अब तक केवल 38 लाख रुपये के गहने बरामद किए हैं, जबकि बाकी करोड़ों के गहने अब भी गायब हैं. पुलिस लगातार बाकी आभूषणों की तलाश में जुटी हुई है.
पूछताछ में पता चला कि मयूर माली मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और कई वर्षों से अपने परिवार के साथ अहमदाबाद में रह रहा था. मयूर ने ही अपनी प्रेमिका हर्षिदा को ज्वैलर्स शोरूम में चोरी करने के लिए उकसाया था. दोनों ने मिलकर राज्य से बाहर जाकर नई जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई थी. पुलिस की तेजी से की गई कार्रवाई में हर्षिदा पहले ही पकड़ी गई थी, जबकि मयूर कई दिनों से फरार चल रहा था.
जांच में यह भी सामने आया कि मयूर और हर्षिदा पिछले छह महीनों से प्रेम संबंध में थे. दोनों की मुलाकात एक व्यापारिक सम्मेलन के दौरान हुई थी. इसके बाद दोनों करीब आए और साथ जिंदगी बिताने के सपने देखने लगे. हर्षिदा अपने पति से अलग रह रही थी और निजी जीवन में परेशानियों से गुजर रही थी. इसी दौरान दोनों ने करोड़ों की चोरी कर नई शुरुआत करने की योजना बना डाली.
पुलिस के अनुसार, दोनों ने 11 मई को चोरी करने का फैसला इसलिए किया क्योंकि उस दिन शोरूम में केवल एक मालिक मौजूद था और अधिकतर कर्मचारी छुट्टी पर थे. मौके का फायदा उठाकर दोनों ने करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए. चोरी के बाद दोनों पहले उदयपुर पहुंचे और फिर जयपुर, दिल्ली और ऋषिकेश तक घूमते रहे ताकि पुलिस से बच सकें.
मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ ऋषिकेश में आया. पुलिस जांच के मुताबिक, एक होटल में ठहरने के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. इसी दौरान जब हर्षिदा नहाने गई, तब मयूर सारे गहने लेकर वहां से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि प्रेमी मयूर ने हर्षिदा को धोखा देकर अकेला छोड़ दिया और खुद गहनों के साथ भाग निकला.
गौरतलब है कि पुलिस ने पहले हर्षिदा के पास से करीब 22 लाख रुपये के गहने और सामान बरामद किए थे. वहीं अब मयूर की गिरफ्तारी के बाद उसके पास से करीब 16 लाख रुपये का सोना मिला है. इस तरह कुल मिलाकर सिर्फ 38 लाख रुपये के गहने ही बरामद हो पाए हैं. बाकी करोड़ों रुपये के गहने अब भी पुलिस की पहुंच से बाहर हैं.
पूछताछ में मयूर ने पुलिस को बताया है कि बाकी गहने राजस्थान में कहीं छिपाए गए हैं. इसके बाद गुजरात पुलिस की टीम राजस्थान में छापेमारी और तलाशी अभियान चला रही है. फिलहाल, हर्षिदा 22 मई तक पुलिस हिरासत में है. वहीं पुलिस को उम्मीद है कि दोनों आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ में चोरी के बाकी गहनों और पूरी साजिश से जुड़े कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं.
—- समाप्त —-
