अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे जल्द ही ऐसी जानकारी शेयर करने वाले हैं जिस पर लोगों को विश्वास नहीं होगा. ट्रंप ने यूएफओ से जुड़ी अधिक से अधिक जानकारियां सार्वजनिक करने की बात कही है. व्हाइट हाउस में आर्टेमिस II मिशन के क्रू से मुलाकात के दौरान ट्रंप ने कहा कि जल्द ही ऐसी जानकारियां सामने आएंगी, जिन पर यकीन करना संभव नहीं होगा.
बता दें, आर्टेमिस II नासा का पहला क्रूड टेस्ट फ्लाइट था, जिसमें 4 अंतरिक्ष यात्री शामिल थे. वे 1 अप्रैल को फ्लोरिडा के केप कैनवरल से एसएलएस रॉकेट के जरिए लॉन्च हुए. मिशन के दौरान उन्होंने पहले पृथ्वी की दो कक्षाओं का चक्कर लगाया और इसके बाद चंद्रमा के बेहद करीब पहुंचकर उसकी परिक्रमा की.
चंद्रमा के दूर वाले हिस्से (फार साइड) के पास से गुजरते हुए वे पृथ्वी से सबसे अधिक दूरी पर पहुंचे. यह दूरी 4,06,771 किलोमीटर रही, जो अपोलो 13 के पुराने रिकॉर्ड से भी अधिक है.
यूएफओ के बारे में मिलेगी जानकारी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि लंबे समय से लोगों के मन में यूएफओ को लेकर जिज्ञासा रही है. वे इससे जुड़ी हर चीज जानना चाहते हैं, और हम कई ऐसी जानकारियां सामने लाएंगे जो अब तक सार्वजनिक नहीं हुई हैं. मुझे लगता है, इनमें से कुछ बातें लोगों को बेहद दिलचस्प लगेंगी. हम जल्द ही जितनी जानकारी संभव होगी, जारी करेंगे.
ट्रंप ने बताया कि अपने पहले कार्यकाल में मैंने कुछ पायलटों से बातचीत की थी, उन्होंने ऐसी चीजें देखने का दावा किया था, जिन पर यकीन करना मुश्किल है. आप इसके बारे में जल्द पढ़ेंगे.
17 अप्रैल को ट्रंप ने कहा कि उनके प्रशासन द्वारा यूएफओ से संबंधित सामग्री की समीक्षा में कई दिलचस्प दस्तावेज सामने आए हैं. रिकॉर्ड का पहला भाग जल्द ही जारी होने की उम्मीद है.
ट्रंप ने फरवरी में अमेरिकी एजेंसियों को निर्देश दिया था कि वे यूएफओ, अनआइडेंटिफाइड एरियल फिनॉमेना और संभावित अलौकिक जीवन से जुड़ी फाइलें जारी करना शुरू करें. उनका कहना था कि इस विषय में लोगों की दिलचस्पी काफी अधिक है.
क्या होता है यूएफओ?
बता दें, यूएफओ यानी अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट होता है. यह एक ऐसा शब्द है जिसका इस्तेमाल उन उड़ती हुई वस्तुओं के लिए किया जाता है जिन्हें लोग आकाश में देखते हैं, लेकिन वे पहचान नहीं पाते. आमतौर पर इन्हें एलियंस के स्पेसशिप या उड़न तश्तरी के रूप में भी जाना जाता है.
—- समाप्त —-
