Headlines

‘कविता एक अंगारा है, राख होगी या मशाल…’ साहित्य आजतक में कविता पर हुई चर्चा – kavita aaj ki abhi ki hamari tumhari poetry session tstf


दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में चल रहे साहित्य आजतक 2026 का आज तीसरा और आखिरी दिन है. तीन दिवसीय इस आयोजन में साहित्य, कविता, शायरी, सिनेमा, राजनीति, संगीत और कला जगत की कई जानी-मानी हस्तियां शिरकत कर रही हैं. कार्यक्रम के पहले दो दिनों में भी कई खास सत्रों ने दर्शकों का ध्यान खींचा और अब आखिरी दिन कविता और साहित्य की दुनिया के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं.

इसी कड़ी में साहित्य आजतक 2026 के खास सत्र ‘कविता आज की, अभी की, हमारी तुम्हारी’ में कविता और साहित्य की दुनिया से जुड़े कई जाने-माने चेहरे शामिल हुए. इस सत्र में डॉ. सुमिता मिश्रा, यतींद्र मिश्रा, यतीश कुमार, द्वारिका प्रसाद उनियाल और अनामिका अनु ने हिस्सा लिया. चर्चा के दौरान कविता की रचना, नई पीढ़ी के लेखन और कवि के निजी अनुभवों से कविता के रिश्ते पर बात हुई.

कविता की रचना कैसे होती है?

कविता की रचना और अपने साहित्यिक सफर पर बात करते हुए अनामिका अनु ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया, ‘मेरा सफर बिहार से शुरू होता है और केरल तक जाता है. मैं लीची के बागानों से नारियल के बागानों तक पहुंची. मैथिली से मलयालम तक भाषा का यह सफर मेरे लिए बेहद समृद्ध करने वाला रहा. इस दौरान मैंने कई विचारों और संस्कृतियों को समझा. इन्हीं अनुभवों और विविधताओं के बीच मेरी कविता का उदय हुआ.’

वहीं, द्वारिका प्रसाद उनियाल ने आज की नौजवान पीढ़ी के लेखन और उसके एक्सप्रेशन पर बात की. उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी का अभिव्यक्ति का तरीका पिछली पीढ़ियों से अलग है. उनके मुताबिक, यह पीढ़ी पढ़ भी रही है और लिख भी रही है, लेकिन उसके लिखने का अंदाज ज्यादा बेबाक है.

उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी कई बार ‘पॉलिटिकली इनकरेक्ट’ भी होती है और उसके एक्सप्रेशन को दबाने के बजाय उसे सही दिशा देने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि कई बार लगता है कि यह ‘रील नहीं, रियल जनरेशन’ है, लेकिन उनके एक्सप्रेशन को सही राह दिखाना जरूरी है.

द्वारिका प्रसाद उनियाल ने सोशल मीडिया को लेकर भी बात की. उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी अलग-अलग तरह के पॉइंट ऑफ व्यू लेकर आ रही है और सोशल मीडिया ने उन्हें अपनी बात रखने का एक बड़ा प्लेटफॉर्म दिया है. उनके मुताबिक, कविता आज भी युवाओं की जिंदगी का हिस्सा है.

‘साहित्य के करीब आऊंगा तो बेहतर इंसान बनूंगा’

यतीश कुमार ने साहित्य और इंसान के बीच के रिश्ते पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि साहित्य के नजदीक आऊंगा, तो बेहतर मनुष्य बनूंगा. बेहतर मनुष्य बनूंगा, तो बेहतर लीडर बनूंगा.

उन्होंने कविता और कहानी के अंतर को भी अपने अंदाज में समझाया. यतीश कुमार ने कहा कि कविता आपके भीतर उतरती है, कहानी आपके पीछे भागती है. उनके मुताबिक, दोनों बिल्कुल अलग चीजें हैं और कविता अंततः अनुभव की जमीन पर उगने वाली घास की तरह है.

‘कविता एक अंगारा है…’

यतींद्र मिश्रा ने कविता की ताकत और उसके असर को एक अलग अंदाज में समझाया. उन्होंने कहा कि कविता एक अंगारा है. चिमटे से आपको अंगारा उठाना है. अब उसका राख में तब्दील होगा या मशाल में, आप तय नहीं कर सकते.

अपने साहित्यिक सफर का जिक्र करते हुए यतींद्र मिश्रा ने कहा कि वह 18 साल की उम्र में साहित्य में आए थे. उन्होंने अपने गुरु और प्रसिद्ध कवि कुँवर नारायण से हुई बातचीत का भी जिक्र किया.

उन्होंने बताया कि उन्होंने कुँवर नारायण से कहा था कि वह अपने विचारों से दुनिया को बदलना चाहते हैं. इस पर कुँवर नारायण ने उनसे कहा था कि “जो देश रामायण-महाभारत से नहीं बदला, तुम्हारी कविता से बदलेगा. यतींद्र मिश्रा के मुताबिक, कुँवर नारायण ने उन्हें खुद को बदलने और अपनी कविता के जरिए उस बदलाव को देखने की सीख दी.

नौकरी के अनुभव भी कविता में आए- डॉ. सुमिता मिश्रा

सत्र में डॉ. सुमिता मिश्रा ने कविता और अपने प्रशासनिक अनुभवों के रिश्ते पर बात की. डॉ. सुमिता मिश्रा 1990 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी, लेखिका और कवयित्री हैं. वह हरियाणा सरकार में वरिष्ठ प्रशासनिक पदों पर भी काम कर चुकी हैं.

जब नौकरी के अनुभवों और कविता के बीच रिश्ते पर उनसे बात हुई तो उन्होंने बताया कि नौकरी के दौरान मिले कई कड़वे अनुभव भी उनकी कविता का हिस्सा बने. उन्होंने कहा कि कई ऐसी बातें होती हैं, जिन्हें वह नौकरी में नहीं कह पातीं, लेकिन कविता के जरिए उन्हें व्यक्त कर पाती हैं.

उन्होंने अपने अनुभव को कविता की दो पंक्तियों के जरिए भी सामने रखा और बताया कि जहां बंदिशें होती हैं, वहां कविता उनके लिए अभिव्यक्ति का सहारा बनती है.

कविता, अनुभव और आज की पीढ़ी

इस पूरे सत्र में कविता को सिर्फ साहित्य की एक विधा के तौर पर नहीं, बल्कि अनुभव, अभिव्यक्ति और सामाजिक बदलाव से जोड़कर देखा गया. वक्ताओं ने अपने-अपने अनुभवों के जरिए बताया कि कविता कैसे व्यक्ति के भीतर उतरती है, कैसे निजी अनुभवों से जन्म लेती है और कैसे बदलते समय के साथ उसका स्वरूप भी बदलता है.

साहित्य आजतक में कविता के कई रंग

साहित्य आजतक 2026 में इस बार भी कविता और शायरी के कई रंग देखने को मिल रहे हैं. दूसरे दिन कवि सम्मेलन और मुशायरे में कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से समां बांधा. मंच पर हास्य, भावनाओं और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर कविताएं सुनाई गईं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा.

तीन दिनों तक चलने वाला साहित्य आजतक 2026 दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में 27 से 29 नवंबर तक आयोजित किया जा रहा है. इस मंच पर साहित्य के साथ संगीत, कला, सिनेमा और विचार जगत की कई बड़ी हस्तियां अपने अनुभव और विचार दर्शकों के साथ साझा कर रही हैं.

कार्यक्रम के आखिरी दिन ‘कविता आज की, अभी की, हमारी तुम्हारी’ जैसे सत्र ने कविता के वर्तमान स्वरूप, नई पीढ़ी की अभिव्यक्ति और साहित्य की बदलती भूमिका पर चर्चा को केंद्र में रखा. अलग-अलग पृष्ठभूमि से आए रचनाकारों ने अपने अनुभवों के जरिए यह बताया कि कविता आज भी इंसान के भीतर की आवाज और समाज को देखने का एक अहम जरिया बनी हुई है.

यह भी पढ़ें: ‘यह देश अपने आप में गठबंधन है’, साहित्य आजतक के मंच पर मनोज झा ने बताई गठबंधन पॉलिटिक्स की अहमियत

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *