गायों से भरी पिकअप और हथियार… नूंह में पुलिस मुठभेड़ में दो पशु तस्करों की मौत – Nuh Two cattle smugglers killed in police encounter lcly


हरियाणा के नूंह में रविवार तड़के पुलिस और कथित पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई. फिरोजपुर झिरका पुलिस की क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) टीम और पशु तस्करों के बीच हुई इस मुठभेड़ में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया. घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने मौके से सात गायों से लदी एक पिकअप गाड़ी और हथियार भी बरामद किए हैं.

अधिकारी के मुताबिक यह मुठभेड़ रविवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई. फिरोजपुर झिरका CIA की टीम सब-इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई कर रही थी. इसी दौरान कथित पशु तस्करों और पुलिस टीम के बीच आमना-सामना हो गया. देखते ही देखते दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई.

पिकअप में मिलीं सात गायें, तीन देसी पिस्तौल बरामद
इस गोलीबारी में तीन लोगों को गोलियां लगीं. पुलिस ने तीनों को तत्काल नल्हड़ मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने साबिर और गब्बर उर्फ हडिया को मृत घोषित कर दिया. वहीं, तीसरे घायल ताहिर का अस्पताल में इलाज जारी है.

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मौके से सात गायों से लदी एक पिकअप गाड़ी बरामद की है. इसके अलावा .315 बोर के तीन देसी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली कारतूस भी मिले हैं. पुलिस अब बरामद हथियारों और वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है.

मजिस्ट्रेट जांच शुरू, परिजनों को दी गई सूचना
नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए दोनों लोगों के शव मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं. उनके परिवारों को भी घटना की सूचना दे दी गई है. पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है. जांच के दौरान मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं और परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *