साउथ ईस्ट दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में 4 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के 3 लोगों की जान ले ली. घटना 11-12 जून की दरम्यानी रात की है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. आग लगने के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और स्थानीय लोग बचाव में जुटे लेकिन तब तक हालात बेकाबू हो चुके थे.
घटना में गंभीर रूप से झुलसे 2 अन्य लोग अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं. पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था. शुरुआती जांच में आग लगने के कारणों को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के गोविंदपुरी में डबल मर्डर, घर में घुसकर मां-बेटे की चाकू गोदकर हत्या
CCTV फुटेज से मिला संदिग्ध महिला का सुराग
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम CCTV फुटेज मिला है जिसमें एक संदिग्ध महिला आग लगने से पहले बिल्डिंग में प्रवेश करती नजर आती है. उसी महिला को बाद में आग लगने के बाद बिल्डिंग से बाहर निकलते हुए भी देखा गया है. इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने महिला की पहचान कर ली है और उसकी तलाश में कई जगहों पर रेड की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि महिला की गतिविधियां बेहद संदिग्ध हैं और घटना के समय उसकी मौजूदगी को हल्के में नहीं लिया जा सकता. जांच में यह भी सामने आया है कि महिला के बाहर निकलते ही कुछ ही देर में आग भड़क उठी, जिससे साजिश की आशंका और गहरी हो गई है. फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है.
साजिश की आशंका के बीच तेज हुई पुलिस जांच
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को इस पूरे मामले में साजिश की आशंका नजर आ रही है. अधिकारियों का कहना है कि जब तक संदिग्ध महिला से पूछताछ नहीं हो जाती, तब तक किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. टीम लगातार तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, महिला की गिरफ्तारी के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि आग हादसा थी या किसी सोची-समझी साजिश का हिस्सा. इलाके में तनाव का माहौल है और पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है.
—- समाप्त —-
