घर में लगी भीषण आग तो मां ने चादर सीढ़ी के सहारे 3 बच्चों को बचाया, खुद की झुलकर हो गई मौत, VIDEO – prayagraj mother dies saving three children crockery trader house fire video ntc ksrj


संगम नगरी प्रयागराज से ममता के सर्वोच्च और रोंगटे खड़े कर देने वाले बलिदान की एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां एक भीषण आग लगने के दौरान मां ने अपने तीनों बच्चों की जान बचाने के लिए अपनी जिंदगी दांव पर लगा दी.

 उसने अपनी जान की परवाह न करते हुए तीनों बच्चों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद आग और धुएं के जाल में फंस गई और मौत हो गई. यह दर्दनाक हादसा बीते मंगलवार (12 मई) को एक क्रॉकरी कारोबारी के घर में हुआ था, लेकिन इस बहादुरी और त्रासदी का रूह कंपा देने वाला वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.

30 मिनट तक मौत से लड़ती रही जांबाज मां
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बहुमंजिला आवासीय इमारत की निचली मंजिल पर भीषण आग लगी हुई है और पूरी बिल्डिंग से काले धुएं का गुबार उठ रहा है. महिला अपने तीन बच्चों के साथ बिल्डिंग की छत पर फंसी हुई थी. चारों तरफ से घिर चुके धुएं और लपटों के बीच वह महिला करीब 30 मिनट तक अपने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अकेले संघर्ष करती रही.

यह भी पढ़ें: 9 साल के बच्चे पर जंगली जानवर ने किया हमला, मां ने बचाया, दावा- चीता था हमलावर

जैसे-जैसे आग ऊपर की तरफ फैल रही थी, महिला ने गजब का साहस दिखाया. उसने अपने महज एक साल के मासूम बच्चे को एक बेडशीट (चादर) में लपेटा और गली के दूसरी तरफ स्थित पड़ोसियों की छत की ओर बढ़ा दिया. पड़ोसियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए हाथ बढ़ाकर बच्चे को सुरक्षित खींच लिया.

इसके तुरंत बाद, पड़ोसियों ने दोनों इमारतों के बीच एक लोहे की सीढ़ी लगाई. मां ने बिना वक्त गंवाए अपनी दो छोटी बेटियों को भी एक-एक करके उस सीढ़ी के सहारे पड़ोसी की छत पर सुरक्षित भेज दिया. तीन जिंदगियों को मौत के मुंह से खींचने के बाद वह खुद को संभाल पाती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी.

धुएं में घुट गया दम
तीनों बच्चों के सुरक्षित होने के बाद महिला खुद उस पार आने की कोशिश करने लगी, लेकिन तब तक पूरी छत जहरीले धुएं और आग की लपटों से घिर चुकी थी. धुएं के कारण महिला का दम घुटने लगा और वह सीढ़ी तक नहीं पहुंच पाई. देखते ही देखते वह आग की चपेट में आ गई और उसने वहीं दम तोड़ दिया. इस दर्दनाक मंजर को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. सोशल मीडिया पर अब लोग इस मां के सर्वोच्च बलिदान और जांबाजी को सलाम कर रहे हैं.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *