आज के दौर में जब लड़के-लड़कियां साथ पढ़ रहे हैं और आगे बढ़ रहे हैं, तब रिश्तों और प्रेम को लेकर समाज में तमाम तरह की बंदिशें और राय सुनाई देती हैं. लेकिन इंडिया टुडे-आजतक मास्टरक्लास के ‘अपना टाइम आएगा’ सत्र में शिक्षक और वक्ता अवध ओझा ने युवाओं को प्रेम और रिश्तों पर बिल्कुल सीधी और बेबाक सलाह दी.
उन्होंने कहा कि रिश्तों से भागने के बजाय उन्हें परखने की कसौटी स्पष्ट होनी चाहिए. अवध ओझा ने युवाओं से कहा कि दोस्ती और प्रेम में कोई बुराई नहीं है, बशर्ते रिश्ता जीवन में आगे बढ़ने और निखरने में मदद करे.
‘ऊपर उठाए तो नेपोलियन, नीचे गिराए तो मजनू’
रिश्तों को परखने का पैमाना समझाते हुए अवध ओझा ने कहा कि हर रिश्ते को बस इस बात पर तौलना चाहिए कि साथ आने से व्यक्ति ‘ऊपर उठ रहा है या नीचे गिर रहा है’. उन्होंने अपने ही अंदाज में फ्रांस के नेपोलियन और जोसेफिन का किस्सा सुनाया और इसे ‘एरिस्टोक्रेटिक लव’ बताया, जहां रिश्ता व्यक्ति को ताकत और ऊंचाई देता है. इसके उलट उन्होंने मजनू के किस्से का जिक्र करते हुए कहा कि जब प्रेम या जुड़ाव इंसान को कमजोर कर दे या भटका दे, तो वह सही दिशा नहीं है.
‘जिन्हें कुछ नहीं करना होता, वो प्यार कर लेते हैं’
सत्र के दौरान अवध ओझा ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि “जिन्हें कुछ नहीं करना होता, वो प्यार कर लेते हैं” हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि प्रेम अपने आप में गलत नहीं है, बल्कि समस्या तब होती है जब लक्ष्य और काम पीछे छूट जाएं.
अपने अफेयर और यूपीएससी की तैयारी के दिनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में कई बार काम और इश्क के बीच उलझन आती है, लेकिन पुराने रिश्तों को लेकर गरिमा और सम्मान बनाए रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब रिश्ता खत्म हो जाए, तो कटुता के बजाय सम्मान के साथ आगे बढ़ना ही परिपक्वता है.
शक्ति, सपने और करियर से न भटकें युवा
युवाओं के सामने मौजूद सपनों, आकर्षण और चुनौतियों पर बात करते हुए अवध ओझा ने कहा कि सपनों को पूरा करने के लिए सामर्थ्य और तैयारी जरूरी है. उन्होंने कहा कि प्रेम और करियर को आपस में उलझाना नहीं चाहिए. पढ़ाई और काम के समय पूरा ध्यान लक्ष्य पर होना चाहिए, ताकि युवा अपने सपनों और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ सकें.
—- समाप्त —-
