झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे ने माफिया अतीक अहमद के परिवार को एक और बड़ा झटका दे दिया. प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की हादसे में मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि कार जिस तरफ से डिवाइडर से टकराई, उसी तरफ का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया. अबान उसी ओर बैठा था. हादसा कितना भयावह था, इसकी गवाही तस्वीरें दे रही हैं.
ये हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ. प्रयागराज से एक कार झांसी की ओर बढ़ रही थी. कार में पांच लोग सवार थे. इनमें माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद भी था. सभी लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे. लेकिन मंजिल तक पहुंचने से पहले ही सफर खत्म हो गया.

यह भी पढ़ें: अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान की रोड एक्सीडेंट में मौत, जेल में बंद भाई से मिलने जा रहा था
हाइवे पर कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे की तस्वीरें बताती हैं कि कार के एक हिस्से को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा. अबान अहमद उसी तरफ बैठा था, जिस ओर टक्कर हुई.
हादसे में अबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई. वहीं मोहम्मद जैद, उमर और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया. क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. क्या कार की रफ्तार अधिक थी? क्या चालक को झपकी आई? या फिर कोई तकनीकी खराबी हादसे की वजह बनी? इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
यह भी पढ़ें: यूपी के प्रतापगढ़ में दर्दनाक हादसा: बारिश से ढही 100 साल पुरानी बिल्डिंग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
दरअसल, अली अहमद को नैनी जेल से झांसी जेल भेजा गया था. अबान और उसके साथ मौजूद लोग उसी से मुलाकात करने जा रहे थे. हादसे की तस्वीरों में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह प्रभावित दिखाई देता है. लोहे की चादरें मुड़ चुकी हैं. शीशे टूट चुके हैं. और सबसे ज्यादा नुकसान उसी हिस्से में दिखाई देता है, जहां शुरुआती जानकारी के अनुसार अबान बैठा था. फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
—- समाप्त —-
