Headlines

डिप्रेशन में मनोचिकित्सक की मौत पर सवाल,पिता भी सीनियर साइकेट्रिस्ट, तलाक के बाद अवसाद की बात आई सामने – ghaziabad Psychiatrist dr hemika aggarwal death raises questions father is also a senior doctor divorce officer city 2 rajnagar extension lclg


जिस पेशे का मकसद लोगों को मानसिक तनाव, अवसाद और भावनात्मक संकट से बाहर निकालना होता है, उसी पेशे से जुड़ी एक महिला मनोचिकित्सक की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में रहने वाली करीब 40 वर्षीय महिला डॉक्टर की पांचवीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पिछले करीब डेढ़ वर्ष से निजी जीवन में आए बड़े बदलाव के बाद मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थीं. हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.

यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि मृतका खुद मनोचिकित्सक थीं, उनके पिता गाजियाबाद के वरिष्ठ एवं प्रसिद्ध मनोचिकित्सक हैं और परिवार भी इसी चिकित्सा क्षेत्र से जुड़ा रहा है. ऐसे में इस घटना ने मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक बार फिर गंभीर बहस छेड़ दी है कि मानसिक बीमारियां किसी भी व्यक्ति को प्रभावित कर सकती हैं, चाहे वह स्वयं इस विषय का विशेषज्ञ ही क्यों न हो.

हाईराइज सोसाइटी में रविवार शाम हुई घटना

घटना नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर सिटी-2 सोसाइटी की है. पुलिस के मुताबिक रविवार शाम करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि पांचवीं मंजिल पर रहने वाली महिला नीचे गिर गई हैं. सोसाइटी में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही नंदग्राम थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई. घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाए गए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

मृतका की पहचान डॉ. हेमिका अग्रवाल के रूप में

पुलिस ने मृतका की पहचान लगभग 40 वर्षीय डॉ. हेमिका अग्रवाल के रूप में की है. वह पेशे से मनोचिकित्सक थीं. उनके पिता डॉ. आर. चंद्रा गाजियाबाद के वरिष्ठ मनोचिकित्सक हैं और लंबे समय से इस क्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं. परिवार का चिकित्सा क्षेत्र से गहरा जुड़ाव होने के कारण यह घटना चिकित्सा जगत में भी चर्चा का विषय बनी हुई है. पुलिस को शुरुआती पूछताछ में मृतका के पिता ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उनकी बेटी का अपने पति से तलाक हो गया था. इसके बाद वह लगातार मानसिक तनाव और अवसाद से जूझ रही थीं. पुलिस फिलहाल इसी पहलू को जांच का एक हिस्सा मानकर पड़ताल कर रही है. हालांकि अधिकारियों का कहना है कि केवल शुरुआती जानकारी के आधार पर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी.

पुलिस ने क्या कहा

सहायक पुलिस आयुक्त (नंदग्राम) जियाउद्दीन अहमद के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई. उन्होंने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है. प्रथम दृष्टया कुछ तथ्य सामने आए हैं, लेकिन मामले की विस्तृत जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य और अन्य बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद फोरेंसिक विशेषज्ञों ने फ्लैट और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले महिला डॉक्टर अकेली थीं या किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी थी. फिलहाल किसी प्रकार के सुसाइड नोट मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों को समझा जा सके.

हाईराइज सोसाइटी में सुरक्षा को लेकर भी उठे सवाल

घटना के बाद सोसाइटी में रहने वाले लोग भी स्तब्ध हैं. हाईराइज इमारतों में इस प्रकार की घटनाओं के बाद अक्सर सुरक्षा व्यवस्थाओं, बालकनी की डिजाइन और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को लेकर भी सवाल उठते हैं. हालांकि फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस इस बात पर है कि आखिर घटना किन परिस्थितियों में हुई और उसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट कई महत्वपूर्ण तथ्यों को स्पष्ट करेगी. इसके अलावा घटनास्थल से मिले साक्ष्य, फोरेंसिक रिपोर्ट और परिजनों के बयान को मिलाकर पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ी जाएगी. यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी तस्वीर

फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है. शुरुआती जांच में मानसिक तनाव और अवसाद का एंगल सामने आया है, लेकिन इसे अंतिम कारण नहीं माना गया है. अधिकारी स्पष्ट कर चुके हैं कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह दुर्घटना थी, आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *