Headlines

‘डीएम सर… हमारी मदद कर दीजिए’! गंदे पानी में खड़े होकर बच्चों ने लगाई गुहार, स्कूल के रास्ते का Video वायरल – hathras school children appeal to dm standing in waterlogged road video goes viral lcla


उत्तर प्रदेश के हाथरस शहर के नगला अलगरजी रोड से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने नगर की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में कुछ स्कूली बच्चे सड़क पर भरे गंदे पानी के बीच खड़े हैं. किसी के कंधे पर बैग है. किसी ने स्कूल यूनिफॉर्म पहन रखी है. लेकिन उनके चेहरे पर पढ़ाई की खुशी नहीं… बल्कि परेशानी दिखाई देती है. बच्चे कैमरे की तरफ देखते हैं और हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से अपील करते हैं कि डीएम सर… हमारी मदद कर दीजिए. हम रोज गंदे पानी से होकर स्कूल जाते हैं.

यही कुछ शब्द पूरे इलाके की तस्वीर बयान कर देते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक-दो दिन की समस्या नहीं है. सड़क पर लंबे समय से जलभराव है. बस्ती के लोग कई बार नगर पालिका में लिखित शिकायत भी दे चुके हैं. लेकिन हालात अब तक नहीं बदले. 

यहां देखें Video

नतीजा यह है कि हर सुबह बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए इसी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है. बारिश के बाद स्थिति और खराब हो जाती है. लोगों का कहना है कि पानी में गंदगी होने से बीमारी फैलने का भी खतरा बना रहता है.

यह भी पढ़ें: डीएम अंकल, हम जाएं जो जाएं कहां, पानी तो निकलवा दो… रात में IAS के घर बच्चे लेकर पहुंच गए गांव वाले

अक्सर बड़े लोग प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाते हैं. लेकिन इस बार बच्चों ने खुद अपनी परेशानी प्रशासन के सामने रखी. उन्होंने किसी प्रदर्शन का रास्ता नहीं चुना. नारे नहीं लगाए. बस हाथ जोड़कर मदद मांगी. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग सवाल पूछ रहे हैं कि अगर स्कूल जाने वाले बच्चों को रोज गंदे पानी से गुजरना पड़ रहा है, तो आखिर इस समस्या का समाधान कब होगा?

फिलहाल इस वायरल वीडियो के बाद लोगों की नजर प्रशासन की ओर है. बच्चों की अपील साफ है कि उन्हें कोई विशेष सुविधा नहीं चाहिए. उन्हें सिर्फ इतना चाहिए कि स्कूल जाने का रास्ता साफ और सुरक्षित हो. क्योंकि किताबों तक पहुंचने का रास्ता अगर गंदे पानी से होकर गुजरे, तो यह सिर्फ बच्चों की नहीं, व्यवस्था की भी परीक्षा बन जाता है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *