राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां तेज रफ्तार थार ने तीन लोगों को कुचल दिया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया. इस पूरी वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसने घटना को लेकर लोगों का गुस्सा और बढ़ा दिया है.
मामला तिजारा थाना क्षेत्र के टीहली गांव का है. परिजनों का आरोप है कि थार सवार युवक तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे. जब गांव के लोगों ने उन्हें धीरे वाहन चलाने के लिए टोका तो विवाद हो गया. आरोप है कि इसके बाद गुस्से में आरोपियों ने जानबूझकर लोगों पर थार चढ़ा दी.
घर के बाहर चल रहा था निर्माण कार्य, तभी पहुंची तेज रफ्तार थार
मृतका के बेटे अजीत सिंह द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, परिवार के भतीजे जगत सिंह के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था. शनिवार शाम करीब चार बजे परिवार के सदस्य और मजदूर घर के बाहर मौजूद थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से एक थार गांव की गली से निकली. शिकायत के मुताबिक, वाहन की रफ्तार और लापरवाही का विरोध किया गया. इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई. परिजनों का आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद थार चालक ने वाहन लोगों की ओर मोड़ दिया और उन्हें कुचलते हुए निकल गया. इस घटना में मोहरली देवी, पत्नी रतनलाल गुर्जर, की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. परिजनों का कहना है कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया हमला है.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के परिवार ने आरोप लगाया है कि यदि केवल वाहन तेज गति से चल रहा होता तो चालक रुक सकता था, लेकिन उसने जानबूझकर लोगों की ओर गाड़ी मोड़ दी. परिजनों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. उनका कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे.
भागती हुई थार CCTV में कैद
घटना के बाद आरोपी मौके से थार लेकर फरार हो गए. हालांकि घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में भागती हुई थार कैद हो गई. अब यही सीसीटीवी फुटेज पुलिस जांच का अहम आधार माना जा रहा है. सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं. परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस कई घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची और तत्काल एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई. इसके बाद ग्रामीणों ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया.
गांव में तनाव, पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद टीहली गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है. आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है.
रोड रेज या सुनियोजित हमला
प्राथमिक तौर पर यह मामला तेज रफ्तार वाहन को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. हालांकि परिजनों का दावा है कि थार चालक ने जानबूझकर लोगों पर वाहन चढ़ाया, इसलिए इसे केवल सड़क हादसा नहीं माना जा सकता. जांच के दौरान पुलिस सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर यह तय करेगी कि घटना महज लापरवाही थी या फिर जानबूझकर किया गया हमला.
—- समाप्त —-
