तेलंगाना में ऑनर किलिंग: प्रेम संबंध से नाराज पिता ने तकिए से दम घोंटकर किया बेटी का कत्ल, फिर फंदे पर लटकाई लाश – telangana adilabad honour killing father kills daughter love affair ntc pvzs


तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक पिता ने कथित तौर पर अपनी बेटी की प्रेम संबंध से नाराज होकर हत्या कर दी. उसने तकिए से दम घोंटकर बेटी की जान ले ली और फिर हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका दिया. इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए उसने उसी सुबह जल्दबाजी में बेटी का अंतिम संस्कार भी कर दिया.

यह मामला आदिलाबाद जिले के उमरी गांव का है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिता की पहचान अडे कैलाश के रूप में हुई है, जबकि उसकी बेटी का नाम अडे कल्याणी था. बताया गया है कि कल्याणी का किसी दूसरे युवक के साथ प्रेम संबंध था. जब उसके पिता को इस रिश्ते के बारे में पता चला तो वह नाराज हो गया. परिवार की ओर से कल्याणी की शादी पहले ही तय कर दी गई थी और दो दिन बाद उसकी सगाई होने वाली थी.

उटनूर के ASP रुथविक साई कोट्टे के मुताबिक, आरोपी को डर था कि बेटी के प्रेम संबंध की वजह से परिवार की बदनामी होगी. इसी बात को लेकर वह बेहद नाराज था. पुलिस का कहना है कि इसी नाराजगी और परिवार की प्रतिष्ठा को लेकर पैदा हुए डर के चलते उसने बेटी की हत्या की साजिश रची. फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध ऑनर किलिंग के तौर पर देख रही है.

पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर की तड़के आरोपी ने कथित तौर पर तकिए से कल्याणी का मुंह और नाक दबा दिया. दम घुटने से उसकी मौत हो गई. इसके बाद हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. आरोपी ने कल्याणी के शव को उसके दुपट्टे की मदद से छत की बल्ली से लटका दिया, ताकि लोगों को लगे कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है.

हत्या के बाद आरोपी ने कथित तौर पर सबूत मिटाने की कोशिश की. पुलिस के अनुसार, उसने 24 नवंबर की सुबह ही जल्दबाजी में बेटी का अंतिम संस्कार कर दिया. उसने रिश्तेदारों के पहुंचने का भी इंतजार नहीं किया. आरोपी की इस जल्दबाजी और संदिग्ध गतिविधियों से गांव में शक पैदा हुआ. इसके बाद गांव के पंचायत सचिव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.

शिकायत मिलने के बाद नरनूर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने आरोपी अडे कैलाश के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238 के तहत केस दर्ज किया. धारा 103(1) हत्या से संबंधित है, जबकि धारा 238 अपराध के सबूत मिटाने से जुड़ी है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. मामले की आगे की जांच जारी है.
 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *