पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में माहौल गर्म है. कोलकाता एयरपोर्ट परिसर में स्थित मस्जिद में नमाज पर रोक लगा दी गई है. मस्जिद कमेटी की ओर से मस्जिद कहीं और स्थानांतरित करने की बात भी हुई. मस्जिद कमेटी के कुछ लोग इसके पक्ष में हैं, वहीं एक धड़ा इसके विरोध में खुलकर उतर आया है. जमीयत उलेमा-ए-हिंद के सिद्दिकुल्लाह चौधरी ने रोक के बावजूद जुमे की नमाज उसी मस्जिद में पढ़ने का ऐलान किया है.
सिद्दिकुल्लाह चौधरी ने जुमे की नमाज मस्जिद में ही कराए जाने की मांग पर अड़ गए थे. हालांकि, बाद में वह बांकुड़ा के लिए निकल गए. एयरपोर्ट के पास स्थित अपने घर से सिद्दिकुल्लाह चौधरी यह कहकर रवाना हुए कि वह कोलकाता के पुलिस कमिश्नर से मुलाकात करने बिधाननगर रवाना हो गए. इसको लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है.
वहीं, एक स्थानीय इमाम ने इसे लेकर पुलिस से बात की. पुलिस ने इमाम को यह जानकारी दी कि एयरपोर्ट परिसर में स्थित मस्जिद में नमाज की अनुमति नहीं है. पुलिस ने इमाम को धारा 163 यानी निषेधाज्ञा लागू होने की जानकारी दी. इमाम ने भी कहा कि हम कहीं और नमाज पढ़ लेंगे. एयरपोर्ट के आसपास, मस्जिद की ओर जाने वाली सड़कों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं.
मस्जिद की ओर जाने वाली हर गली, हर सड़क पर सुरक्षाकर्मियों का कड़ा पहरा है. पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ ही महिला सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात किया गया है. गौरतलब है कि एयरपोर्ट परिसर में दो रनवे के बीच स्थित मस्जिद में नमाज होती आई है, जिस पर पश्चिम बंगाल सरकार ने रोक लगाने की घोषणा कर दी थी.
—- समाप्त —-
