नवी मुंबई के वाशी सेक्टर-18 में रविवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ऑयल (तेल) कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पास स्थित एक प्लाईवुड और एक कूरियर कंपनी भी इसकी चपेट में आ गईं. रात करीब 2 बजे तक आग की भयानक लपटें दिखाई दे रही थीं.
आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार मीलों दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. राहत की बात यह है कि इस भयावह हादसे में किसी के हताहत होने या अंदर फंसे होने की कोई सूचना नहीं है.

रात 9 बजे भड़की चिंगारी, रात भर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग रविवार रात करीब 9 बजे ऑयल कंपनी के परिसर से शुरू हुई. ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण लपटें तेजी से चारों ओर फैल गईं. आग ने बगल की प्लाईवुड और कूरियर कंपनियों को भी अपनी जद में ले लिया.
सूचना मिलते ही नवी मुंबई फायर ब्रिगेड की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग को और अधिक फैलने से रोकने के लिए रात भर मशक्कत की.

यह भी पढ़ें: न बैंड-बाजा, न सैकड़ों मेहमान… समुद्र किनारे सिर्फ 8 लोगों के सामने शादी, चर्चा में मुंबई का कपल
जांच के घेरे में आग लगने के कारण
आग पर पूरी तरह काबू पाना और कूलिंग ऑपरेशन पूरा करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. आग किस वजह से लगी, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस की टीम संयुक्त रूप से घटना की जांच करेगी. इस अग्निकांड में तीनों कंपनियों का करोड़ों रुपये का माल जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है.
—- समाप्त —-
