पाकिस्तानी टीम के दो खिलाड़ियों पर ICC ने लिया एक्शन, मैदान पर जोश दिखाना पड़ा महंगा – pakistan players mohammad abbas khurram shahzad icc fines wi vs pak test series tspoa


पाकिस्तानी क्रिकेट टीम इस समय बेहद खराब दौर से गुजर रही है. पाकिस्तान को वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 90 रनों से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी. यह पाकिस्तान की विदेशी सरजमीं पर लगातार आठवीं टेस्ट हार थी. शान मसूद की जगह बाबर आजम को एक बार फिर टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया था, लेकिन उनकी कप्तानी पहले मैच में पूरी तरह फ्लॉप रही.

पाकिस्तानी टीम पहले टेस्ट में मिली हार से अभी उबर भी नहीं पाई थी कि उसके दो तेज गेंदबाजों पर ICC (इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल) ने अनुशासनात्मक कार्रवाई कर दी. आईसीसी ने मोहम्मद अब्बास और खुर्रम शहजाद को आचार संहिता के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी ठहराया है.

दोनों खिलाड़ियों पर आर्टिकल 2.5 के तहत कार्रवाई की गई. इस नियम के अनुसार, कोई भी खिलाड़ी विकेट लेने के बाद ऐसे शब्द, इशारे या हरकत नहीं कर सकता, जिससे सामने वाला बल्लेबाज उकसाया जाए या आक्रामक प्रतिक्रिया देने के लिए मजबूर हो.

दोनों खिलाड़ियों को क्या सजा हुई?
आईसीसी ने खुर्रम शहजाद पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है. इसके अलावा उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ दिया गया है. खुर्रम ने वेस्टइंडीज की दूसरी पारी के 17वें ओवर में शाई होप का विकेट लेने के बाद बल्लेबाज के बेहद करीब जाकर आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया था.

आईसीसी ने माना कि उनका यह व्यवहार खेल भावना के अनुरूप नहीं था. वहीं, मोहम्मद अब्बास को पुछल्ले बल्लेबाज जोमेल वॉरिकन का विकेट लेने के बाद जरूरत से ज्यादा आक्रामक जश्न मनाने के लिए आधिकारिक फटकार लगाई गई. उनके खाते में भी एक डिमेरिट अंक जोड़ा गया है.

आईसीसी एलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रो द्वारा प्रस्तावित सजा को दोनों खिलाड़ियों ने स्वीकार कर लिया. इसके चलते पूरे मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. यह आरोप मैदानी अंपायर एलेक्स व्हार्फ, रिचर्ड कैटलबोरो, तीसरे अंपायर जयरामन मदनगोपाल और चौथे अंपायर की रिपोर्ट के आधार पर लगाए गए. आईसीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले 24 महीनों में दोनों खिलाड़ियों का यह पहला अनुशासनात्मक उल्लंघन था.

अब पाकिस्तानी टीम इन विवादों को पीछे छोड़ते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज बचाना चाहेगी. दोनों टीमों के बीच दूसरा और अंतिम टेस्ट 2 अगस्त से पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वींस पार्क ओवल में खेला जाएगा.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *