पाकिस्तान के बलूचिस्तान में खूनी खेल, बंदूकधारियों ने 11 कोयला मजदूरों को अगवा कर उतारा मौत के घाट – pakistan balochistan gunmen abduct and kill 11 coal miners in kohlu district ntc apdy


पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को बंदूकधारियों ने 11 कोयला खदान मजदूरों का अपहरण करने के बाद उनकी हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, मजदूर दो छोटे ट्रकों में सवार होकर कोहलू जिले के होसरी इलाके से गुजर रहे थे. इसी दौरान हथियारबंद लोगों ने उनके वाहनों को रोक लिया.

कोहलू के पुलिस प्रमुख तैयब इकबाल ने बताया कि हमलावरों ने दोनों ड्राइवरों को छोड़ दिया और मजदूरों को पास के पहाड़ी इलाके में ले गए. इसके बाद उनकी हत्या कर दी गई. बाद में सभी मजदूरों के शव पहाड़ी इलाके से बरामद किए गए. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, चार मृतकों की पहचान हो गई है, जबकि बाकी मजदूरों की पहचान की जा रही है.

अभी तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. पाकिस्तानी अधिकारी पहले भी बलूचिस्तान में हुए कई हमलों के लिए बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) को जिम्मेदार ठहरा चुके हैं. हालांकि, रविवार को हुए इस हमले में बीएलए की भूमिका की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है.

बलूचिस्तान में लगातार जारी है हिंसा

तेल और खनिजों से समृद्ध बलूचिस्तान लंबे समय से अलगाववादी हिंसा से जूझ रहा है. प्रांत में कई अलगाववादी संगठन सुरक्षा बलों और आम लोगों को निशाना बनाते रहे हैं. इनका दावा है कि वे पाकिस्तान से अलग होने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. पाकिस्तान तालिबान भी इस क्षेत्र में सक्रिय संगठनों में शामिल है.

ताजा हमला कोहलू जिले में हुआ, जो बलूचिस्तान के पहाड़ी इलाकों में स्थित है और लंबे समय से चल रहे विद्रोह से प्रभावित रहा है. अफगानिस्तान और ईरान की सीमा से लगे इस प्रांत में अलगाववादी संगठनों और अन्य हथियारबंद समूहों के हमले पहले भी होते रहे हैं. इस महीने प्रकाशित यूरोपीय संघ एजेंसी फॉर असाइलम के आकलन में सुरक्षा आंकड़ों के हवाले से बताया गया कि 2026 में बलूचिस्तान में 478 घटनाओं के दौरान 439 नागरिकों की मौत हुई, 286 घायल हुए और 204 लोगों का अपहरण किया गया.

इस दौरान प्रांत के अलग-अलग जिलों में सुरक्षा बलों ने आतंकियों के खिलाफ अभियान भी चलाए. नवंबर में सुरक्षा बलों पर कई हमले हुए. 22 नवंबर को नुश्की में हुए एक हमले में फ्रंटियर कॉर्प्स के चार जवानों की मौत हुई थी.

कोयला मजदूर पहले भी रहे हैं निशाने पर

बलूचिस्तान में कोयला मजदूरों पर पहले भी बड़े हमले हो चुके हैं. अक्टूबर 2024 में डुकी इलाके की निजी कोयला खदानों पर बंदूकधारियों ने हमला किया था. इस हमले में कम से कम 21 मजदूर मारे गए थे. पुलिस के मुताबिक, करीब 40 हमलावरों ने बंदूक, रॉकेट और हैंड ग्रेनेड का इस्तेमाल किया था. हमला करीब 90 मिनट तक चला था.

इस घटना के बाद कोयला मजदूरों की सुरक्षा और खनन क्षेत्रों में सरकार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे. मानवाधिकार आयोग की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि डुकी के मजदूरों को खनन हादसों के साथ-साथ अपहरण और हथियारबंद हमलों का भी खतरा रहता है. मार्च 2024 में भी हथियारबंद लोगों ने डुकी कोयला क्षेत्र से तीन मजदूरों का अपहरण कर लिया था. सुरक्षा बलों के साथ गोलीबारी के बाद हमलावर वहां से भाग गए थे.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *