पिता के अधूरे ख्वाब को बेटे ने दी नई उड़ान! अयान अकरम की टीम इंडिया में एंट्री, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मचाएंगे धमाल – ayaan akram selected india under 19 team australia series tspoa


हर क्रिकेट का सपना होता है कि वो इंटरनेशनल लेवल पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करे. करीब तीन दशक पहले सहारनपुर के अकरम सैफी ने भी क्रिकेट में बड़ा मुकाम हासिल करने का सपना देखा था. विश्वविद्यालय स्तर तक पहुंचने के बाद आर्थिक तंगी और परिवार की जिम्मेदारियों ने उनका रास्ता रोक दिया. अब उनके बेटे अयान अकरम ने उसी सपने को आगे बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है.

उत्तर प्रदेश के ऑलराउंडर अयान अकरम को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ मल्टी डे मैचों के लिए भारतीय अंडर-19 टीम में चुना गया है. यह चयन उनके लिए इसलिए खास है क्योंकि उनके पिता खुद क्रिकेटर बनने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन परिस्थितियों ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया.

अयान अकरम ने अपने पिता के क्रिकेट संघर्ष की कहानियां बचपन से सुनी हैं. यही वजह है कि भारत के लिए खेलने का सपना उनके लिए सिर्फ व्यक्तिगत लक्ष्य नहीं है. उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा, ‘अब मेरे पास अपने पिता का भारत के लिए खेलने का सपना पूरा करने का मौका है. मैंने उनके संघर्ष की बहुत सी कहानियां सुनी हैं, लेकिन अब मुझे लगता है कि मैं उनके लिए क्रिकेट के अच्छे दिन ला सकता हूं.’ अयान का यह बयान बताता है कि भारत अंडर-19 टीम में चयन उनके लिए कितना भावनात्मक पल है.
यह भी पढ़ें: वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रव‍िड़ के बेटे की वनडे टीम में एंट्री, ऑस्ट्रेल‍िया के ख‍िलाफ टीम इंड‍िया का ऐलान

अयान का ऐसा रहा है करियर
अयान अकरम ने उत्तर प्रदेश के अंडर-16 क्रिकेट से अपनी पहचान बनानी शुरू की. उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है कि वह टीम के लिए बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकते हैं. 2024-25 के अंडर-16 सीजन में अयान सैफी ने 200 रन बनाए और 25 विकेट हासिल किए. अगले लेवल पर पहुंचने के बाद भी उनका प्रदर्शन कमजोर नहीं पड़ा. 2025-26 के अंडर-19 सीजन में अयान ने 300 रन बनाने के साथ 37 विकेट अपने नाम किए.

अयान अकरम को ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ केवल रेड बॉल मैचों के लिए चुना गया है. पहला मल्टी डे मैच 27 सितंबर से शुरू होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 5 अक्टूबर से खेला जाएगा. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये दो मुकाबले अयान को अपनी तकनीक, धैर्य और ऑलराउंड क्षमता दिखाने का अहम मंच देंगे.

अंडर-19 स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना किसी भी युवा क्रिकेटर के लिए करियर का बड़ा पड़ाव होता है. अयान के मामले में इसकी अहमियत इसलिए और बढ़ जाती है क्योंकि यह सेलेक्शन उनके परिवार की पुरानी क्रिकेट कहानी से जुड़ा है. अकरम सैफी का सफर जिम्मेदारियों के बीच रुक गया था, लेकिन बेटे अयान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय अंडर-19 टीम में जगह बना ली है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *