Headlines

‘बांग्लादेश आजाद नहीं होता तो पाकिस्तानी सेना की ठोकरें खानी पड़तीं’, शेख हसीना ने साधा निशाना – sheikh hasina pakistani army boots 1971 liberation war bangladesh government attack ntc aktw


बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 1971 की आजादी की लड़ाई का जिक्र करते हुए मौजूदा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि अगर बांग्लादेश आजाद नहीं हुआ होता, तो आज वहां के लोगों को पाकिस्तानी सेना के जूतों की ठोकरें खानी पड़तीं. 

हसीना ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार मुक्ति संग्राम में हिस्सा लेने वाले लोगों को निशाना बना रही है. उन्होंने जेलों में बंद लोगों के साथ मारपीट, उन्हें इलाज न देने और हिरासत में मौतों के भी आरोप लगाए.

हसीना ने ये बातें बांग्लादेश अवामी लीग के ऑनलाइन कार्यक्रम ‘दयामुक्ति लाइव’ के 98वें एपिसोड में कहीं. यह कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुआ. इसमें अवामी लीग के सदस्यों और राजनीतिक हिंसा से प्रभावित लोगों के परिवारों ने अपनी बातें रखीं.

हसीना ने कहा कि हिरासत में हुई मौतें कोई अकेली घटनाएं नहीं हैं. उन्होंने दावा किया कि कई लोगों को जेल में बुरी तरह प्रताड़ित किया गया और बाद में उनकी मौत हो गई.

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश हिंसा में अवामी लीग के कार्यकर्ता की मौत, शेख हसीना की वापसी से पहले बवाल जारी

‘जेल में लोगों को इलाज तक नहीं दिया जा रहा’

शेख हसीना ने आरोप लगाया कि हिरासत में रखे गए लोगों को इलाज नहीं दिया जा रहा है. कई मामलों में परिवारों को भी उनकी मौत की जानकारी नहीं दी गई. उन्होंने ढाका के रामपुरा और बंगशाल जैसे इलाकों का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं अलग-अलग जगहों पर हो रही हैं.

हसीना ने कहा कि देश में लोगों पर अत्याचार हो रहे हैं. बांग्लादेश की आजादी के इतिहास को मिटाने की कोशिश की जा रही है. अगर देश आजाद नहीं हुआ होता, तो किसी को प्रधानमंत्री बनने का मौका भी नहीं मिलता और लोगों को पाकिस्तानी सेना की ज्यादती सहनी पड़ती.

हसीना ने 1971 की आजादी की लड़ाई में शामिल रहे एक सेनानी की हत्या का भी जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि मैमनसिंह जिले के धुबौरा में शेख हुसैन अली नाम के एक स्वतंत्रता सेनानी की हत्या कर दी गई और उनका शव पेड़ से लटका दिया गया.

यह भी पढ़ें: शेख हसीना की वापसी से पहले बांग्लादेश में हलचल तेज, कई शहरों में अवामी लीग का मार्च

हसीना ने इसे बांग्लादेश की आजादी के इतिहास पर हमला बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि मुक्ति संग्राम में शामिल रहे लोगों को एक-एक करके निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि इन सेनानियों के बिना बांग्लादेश को आजादी नहीं मिल सकती थी.

इस दौरान उन्होंने अपने पिता और बांग्लादेश के संस्थापक नेता शेख मुजीबुर रहमान को भी याद किया. हसीना ने कहा कि अगर उनके पिता जिंदा रहते, तो आजादी के 10 साल के अंदर बांग्लादेश दुनिया के सामने एक विकसित देश के रूप में खड़ा होता.

अवामी लीग के लॉकडाउन के बीच बढ़ा तनाव

दरअसल, बांग्लादेश में इन दिनों राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है. अवामी लीग ने 29 और 30 नवंबर को दो दिन के देशव्यापी लॉकडाउन का ऐलान किया है. पार्टी के प्रभाव वाले इलाकों में सड़कें जाम करने और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं. सरकार ने सुरक्षा बढ़ा दी है. बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने देशभर में 120 प्लाटून तैनात किए हैं.

यह भी पढ़ें: भारत से पैदल चलकर बांग्लादेश जाएंगी शेख हसीना? सड़कों पर समर्थकों के जुटने का दावा

रविवार को सत्ताधारी BNP के कार्यकर्ताओं और अवामी लीग से जुड़े लोगों के बीच झड़प में पार्टी के एक युवा कार्यकर्ता की मौत हो गई. दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए. इससे पहले नरैल जिले में BNP से जुड़े लोगों पर अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों और दुकानों पर हमला करने, तोड़फोड़ और आगजनी के आरोप लगे थे. रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 20 से 25 घरों में 50 से ज्यादा मकान आग की चपेट में आए. कई दुकानों को भी नुकसान पहुंचा.

सरकार ने हिंसा और आगजनी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है. प्रधानमंत्री तारिक रहमान भी राजनीतिक हत्याओं और आगजनी को लेकर सख्त कार्रवाई की बात कह चुके हैं.

16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटना चाहतीं है हसीना

शेख हसीना की इन टिप्पणियों के बीच उनकी बांग्लादेश वापसी को लेकर भी चर्चा तेज है. उन्होंने हाल ही में कहा था कि वह 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं. यह दिन बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है.

यह भी पढ़ें: ‘शेख हसीना को कुछ हुआ तो जिम्मेदार बांग्लादेश पीएम होंगे’, पूर्व पेंटागन अधिकारी माइकल रुबिन ने दी चेतावनी

मालूम हो, हसीना 5 अगस्त 2024 से भारत में हैं. बांग्लादेश की मौजूदा सरकार ने उनके लौटने पर गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण की कार्रवाई की बात कही है. ढाका ने भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग भी की है. भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस मांग पर तय कानूनी प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है. मंत्रालय ने यह भी साफ किया है कि हसीना अगर अपनी इच्छा से यात्रा दस्तावेज लेकर बांग्लादेश लौटती हैं, तो यह प्रत्यर्पण की मांग से अलग मामला होगा.
 

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *