‘बिहार सरकार बहुत जल्द गिरने वाली है’,  तेज प्रताप यादव का बड़ा दावा – tej pratap yadav claims bihar government will fall soon ntc dhrj


जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव ने बिहार की राजनीति को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि बिहार की मौजूदा सरकार ज्यादा दिन नहीं टिकेगी, बहुत जल्द सत्ता परिवर्तन होगा. तेज प्रताप ने यह बयान ऐसे समय दिया है, जब एनडीए की बैठक और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राज्य की सियासत गरमाई हुई है.

शुक्रवार की शाम तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स (X) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा, “बिहार में बहुत जल्दी सरकार गिरने वाली है. नीतीश कुमार ने सम्राट कहकर मुख्यमंत्री को फटकार लगाई है. मैंने पहले ही इसकी भविष्यवाणी की थी. मैं वृंदावन में हूं और बहुत जल्द बिहार की सरकार बदल जाएगी.” हालांकि उन्होंने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत या अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की.

Tej Pratap Yadav

एनडीए की बैठक के बीच आया बयान

तेज प्रताप का यह बयान उस दिन आया, जब पटना में एनडीए के सभी सहयोगी दलों के जिलाध्यक्षों की बैठक हुई. इस दौरान संगठन, सरकार के बीच बेहतर तालमेल, जनहित के कामों में तेजी लाने के साथ-साथ बिहार के विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई. यह बैठक बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले काफी अहम मानी जा रही है.

बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव 30 जुलाई को होना है. यह सीट बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. बीजेपी ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने नामांकन दाखिल करने के अगले ही दिन पारिवारिक कारणों का हवाला देकर अपना नाम वापस ले लिया. उन्होंने पार्टी नेतृत्व को पत्र लिखकर चुनाव नहीं लड़ पाने की जानकारी दी. बीजेपी की ओर से इस फैसले पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

बांकीपुर उपचुनाव इस बार कई वजहों से चर्चा में है. चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर खुद इस सीट से मैदान में हैं, जो लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं. ऐसे में तेज प्रताप यादव का सरकार गिरने का दावा, उपचुनाव की राजनीतिक हलचल, दोनों ने बिहार की सियासत को पूरी तरह गर्मा दिया है. फिलहाल एनडीए की तरफ से तेज प्रताप के इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *