ब्लूटूथ के पीछे की 1000 साल पुरानी कहानी, इंजीनियर्स ने यही नाम क्यों चुना? – why is Bluetooth called bluetooth history of viking king harald tstsd


आज के दौर में शायद ही कोई ऐसा होगा, जिसने ब्लूटूथ का इस्तेमाल न किया हो. फोन को ईयरफोन से कनेक्ट करना हो, लैपटॉप में फाइल भेजनी हो या कार के म्यूजिक सिस्टम से मोबाइल जोड़ना हो, ब्लूटूथ हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है. लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इस टेक्नोलॉजी का नाम ब्लूटूथ ही क्यों रखा गया?

इसके पीछे न तो कोई वैज्ञानिक फॉर्मूला है और न ही किसी कंपनी के प्रोडक्ट का नाम. बल्कि इसकी कहानी करीब 1000 साल पुराने एक वाइकिंग राजा से जुड़ी है, जिसके नाम पर आज दुनिया की सबसे लोकप्रिय वायरलेस टेक्नोलॉजी में से एक का नाम पड़ा है.

इस राजा का नाम था हेराल्ड ब्लूटूथ. वह 10वीं सदी में डेनमार्क का शासक था. दिलचस्प बात यह है कि जिस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल आज अलग-अलग कंपनियों के डिवाइस को आपस में जोड़ने के लिए किया जाता है, उसका नाम ऐसे राजा के नाम पर रखा गया था, जिसने अपने समय में अलग-अलग इलाकों और लोगों को एकजुट करने का काम किया था. आइए जानते हैं ब्लूटूथ नाम के पीछे की पूरी कहानी.

कौन था 1000 साल पहले का ब्लूटूथ राजा?
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कहानी की शुरुआत डेनमार्क के एक छोटे से शहर जेलिंग से होती है. यह राजधानी कोपेनहेगन से करीब 250 किलोमीटर दूर है. आज इस शहर की आबादी लगभग 4 हजार है, लेकिन 10वीं सदी में यह डेनमार्क की सत्ता का प्रमुख केंद्र हुआ करता था.

यहीं हेराल्ड गोर्मसन नाम के राजा का शासन था, जिन्हें ब्लूटूथ के नाम से जाना जाता था. पुराने नॉर्स भाषा में उनका नाम ब्लाटॉन  था. माना जाता है कि उनके इस उपनाम का संबंध उनके नीले या सड़े हुए दांत से था. हालांकि, इस नाम के पीछे की सटीक वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.

हेराल्ड ने डेनमार्क के इतिहास में अहम भूमिका निभाई. उनके शासनकाल में करीब 965 ईस्वी के आसपास डेनमार्क में ईसाई धर्म का विस्तार हुआ. उस समय उत्तरी यूरोप कई छोटे-छोटे इलाकों में बंटा हुआ था और अलग-अलग सरदार उनका शासन चलाते थे.

ईसाई धर्म अपनाने से हेराल्ड को न सिर्फ अपनी सत्ता मजबूत करने में मदद मिली, बल्कि यूरोप के दूसरे ईसाई शासकों के साथ डेनमार्क के संबंध भी बेहतर हुए. उन्होंने अलग-अलग इलाकों को एक राजनीतिक व्यवस्था के तहत जोड़ने में अहम भूमिका निभाई.

जेलिंग में आज भी मौजूद हैं राजा की निशानियां
हेराल्ड ब्लूटूथ की कहानी को समझने के लिए जेलिंग में मौजूद दो प्राचीन पत्थरों को देखना जरूरी है. इन्हें रनस्टोन कहा जाता है. इन पत्थरों पर खास तरह की प्राचीन लिपि में लिखे संदेश आज भी मौजूद हैं.

इनमें से छोटा और पुराना पत्थर हेराल्ड के पिता गोर्म ने अपनी पत्नी थायरा की याद में बनवाया था. माना जाता है कि डेनमार्क के भीतर ‘डेनमार्क’ नाम का सबसे पुराना लिखित उल्लेख इसी पत्थर पर मिलता है. इसीलिए इसे डेनमार्क का बर्थसर्टिफिकेट भी कहा जाता है.

वहीं, दूसरा और बड़ा रनस्टोन राजा हेराल्ड ने बनवाया था. इस पर लिखे संदेश में दावा किया गया है कि उन्होंने पूरे डेनमार्क और नॉर्वे पर अपना अधिकार स्थापित किया और डेनमार्क के लोगों को ईसाई बनाया. इस पत्थर पर ईसा मसीह की एक शुरुआती तस्वीर भी बनी हुई है.

जेलिंग में उस समय की दो विशाल कब्रें, एक चर्च और पुराने स्मारकों से जुड़े अवशेष भी मौजूद हैं. माना जाता है कि यह जगह पहले एक कब्रगाह थी, जहां पुराने वाइकिंग रीति-रिवाजों और नए ईसाई धर्म का मेल देखने को मिलता था.

साल 1994 में जेलिंग के ये स्मारक, रनस्टोन और चर्च यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल हुए. यह डेनमार्क का पहला यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट था. यहां मौजूद किंग्स जेलिंग म्यूजियम में भी वाइकिंग इतिहास और ईसाई धर्म के विस्तार से जुड़ी कई चीजें देखने को मिलती हैं.

फिर इस राजा के नाम पर ब्लूटूथ टेक्नोलॉजी कैसे बनी?
अब सवाल है कि 1000 साल पुराने इस राजा का आज के मोबाइल और वायरलेस टेक्नोलॉजी से क्या कनेक्शन है? इसकी शुरुआत 1990 के दशक के आखिरी सालों में हुई. उस समय तोशिबा, IBM, नोकिया, इंटेल और एरिक्सन जैसी बड़ी टेक्नोलॉजी कंपनियों के इंजीनियर एक ऐसी तकनीक विकसित कर रहे थे, जिससे अलग-अलग कंपनियों के डिवाइस बिना तार के आपस में जुड़ सकें.

मसलन, एक कंपनी का मोबाइल दूसरी कंपनी के हेडफोन या कंप्यूटर से आसानी से कनेक्ट हो सके. इसके लिए एक ऐसी तकनीक तैयार की जा रही थी, जो अलग-अलग डिवाइस के बीच संपर्क स्थापित कर सके.

इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे अमेरिकी कंपनी इंटेल के इंजीनियर जिम कार्डाच की मुलाकात स्वीडिश इंजीनियरों से हुई. बातचीत के दौरान वाइकिंग राजाओं और उनके इतिहास का जिक्र आया. कार्डाच को हेराल्ड ब्लूटूथ की कहानी दिलचस्प लगी. उन्होंने इस राजा के बारे में पढ़ना शुरू किया और जाना कि कैसे उन्होंने डेनमार्क और नॉर्वे को एकजुट करने में भूमिका निभाई थी.

कार्डाच को लगा कि जिस तरह हेराल्ड ने अलग-अलग इलाकों को जोड़ा था, उसी तरह यह नई टेक्नोलॉजी अलग-अलग कंपनियों के डिवाइस को एक साथ जोड़ने का काम करेगी. बस यहीं से इस तकनीक के लिए ‘ब्लूटूथ’ नाम का विचार आया.

कंपनी के लोग नहीं चाहते थे ब्लूटूथ नाम
दिलचस्प बात यह है कि शुरुआत में इस नाम को लेकर सभी लोग सहमत नहीं थे. ब्लूटूथ नाम आधिकारिक तौर पर जारी होने से पहले ही लीक हो गया था.

कंपनियों के पीआर यानी पब्लिक रिलेशन से जुड़े लोग इस नाम से खुश नहीं थे. उन्हें लगता था कि ब्लूटूथ सुनकर लोगों को दांतों की खराब सफाई या दांतों की बीमारी का ख्याल आएगा. वे इसकी जगह कोई ऐसा नाम चाहते थे, जिससे टेक्नोलॉजी का काम आसानी से समझ में आए.

इसके लिए दूसरे नामों पर भी विचार किया गया, लेकिन वे इतने खास और याद रहने वाले नहीं थे. आखिरकार ब्लूटूथ नाम ही पॉपुलर हो गया. आज दुनिया भर में लोग इस नाम से परिचित हैं.

ब्लूटूथ का लोगो भी राजा से जुड़ा है
ब्लूटूथ की पहचान सिर्फ उसके नाम तक सीमित नहीं है. इसका लोगो भी उसी वाइकिंग राजा की कहानी से जुड़ा हुआ है. अगर आप ब्लूटूथ के निशान को ध्यान से देखें तो यह कोई सामान्य डिजाइन नहीं है. दरअसल, इसमें पुराने नॉर्स अक्षरों के दो प्रतीकों को मिलाया गया है. ये प्रतीक हेराल्ड ब्लूटूथ के नाम के शुरुआती अक्षर H और B को दर्शाते हैं. इस तरह ब्लूटूथ का नाम और लोगो दोनों ही 1000 साल से ज्यादा पुराने वाइकिंग इतिहास से जुड़े हैं.

1000 साल बाद इंजीनियर्स ने मांगी राजा से माफी
इस कहानी का सबसे दिलचस्प हिस्सा साल 2023 में सामने आया. ब्लूटूथ टेक्नोलॉजी के 25 साल पूरे होने पर इसके नाम से जुड़े इंजीनियर जिम कार्डाच और कुछ दूसरे लोग डेनमार्क के जेलिंग पहुंचे.

यहां उन्होंने मजाकिया अंदाज में राजा हेराल्ड ब्लूटूथ का नाम इस्तेमाल करने के लिए माफी मांगी. इसके जवाब में किंग्स जेलिंग म्यूजियम ने उनकी इस माफी को स्वीकार किया और अगले 1000 साल तक ब्लूटूथ नाम का इस्तेमाल जारी रखने की इजाजत भी दे दी.

यानी आज जब आप अपने फोन को ईयरफोन या लैपटॉप से कनेक्ट करने के लिए ब्लूटूथ ऑन करते हैं, तो अनजाने में ही करीब 1000 साल पुराने एक वाइकिंग राजा की विरासत से जुड़ जाते हैं. एक ऐसा राजा, जिसने अपने दौर में लोगों और इलाकों को जोड़ने का काम किया था और जिसका नाम आज दुनिया भर के करोड़ों डिवाइस को जोड़ने वाली टेक्नोलॉजी की पहचान बन चुका है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *