मेरठ होटल कांड: कल ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाई थी युवती, 24 घंटे बाद रोते हुए बोला आरोपी- ‘गलती हो गई, माफ कर दो सर’ – meerut hotel case girl rescue salman arrested cctv video ntc pvzs


मेरठ के आबूलेन में मौजूद एक होटल में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया था, जब एक युवती जान बचाने के लिए ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए बाहर भागी थी. उसके पीछे एक युवक आया और उसे पकड़कर वापस होटल के अंदर खींचने लगा था. युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए थे. हालांकि युवक पीड़िता को मौके पर छोड़कर भाग निकला था.

अब मेरठ पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को हाफ एनकाउंटर के बाद धर दबोचा. खास बात ये है कि कल युवती मदद के लिए चिल्ला रही थी- बचाओ, बचाओ. और आज आरोपी सलमान पुलिस के सामने रो रहा था. वो पुलिसवालों के सामने बोल रहा था- गलती हो गई. माफ कर दो सर. 
 
मंगलवार को लोगों ने लड़की को बचाने के लिए होटल के अंदर जाने की कोशिश की थी, लेकिन आरोप है कि होटल कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया था. इसी बीच भीड़ बढ़ती देखकर आरोपी होटल की छत पर पहुंचा और वहां से कूदकर फरार हो गया. होटल में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.

यह घटना मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र में आबूलेन स्थित एक होटल की है. मंगलवार, 24 नवंबर को होटल से अचानक एक युवती बाहर की तरफ भागी और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगी. तभी पीछे से आए युवक ने उसे पकड़ लिया और वापस होटल के अंदर खींचने लगा. युवती को बचाने के लिए कुछ दुकानदारों और राहगीरों ने होटल में घुसने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि होटल कर्मचारियों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया.

बाहर लोगों की भीड़ बढ़ती देखकर युवक होटल की छत पर पहुंच गया. इसके बाद वह छत से नीचे कूदकर मौके से फरार हो गया था. इस दौरान होटल के बाहर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल था. पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी. बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया.

बताया गया कि युवती गाजियाबाद की रहने वाली है. उसके आरोपों के मुताबिक, वह सोमवार से आरोपी के कब्जे में थी और मंगलवार को होटल से बाहर निकलकर उसने अपनी जान बचाने के लिए लोगों को आवाज लगाई. इस दौरान आरोपी ने उसे पकड़कर वापस अंदर खींचने की कोशिश की. युवती के आरोपों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी.

घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवती से पूछताछ की. युवती ने आरोप लगाया कि उसे सोमवार से होटल में बंधक बनाकर रखा गया था. मंगलवार को मौका मिलने पर वह किसी तरह बाहर निकली और लोगों से मदद मांगने लगी. उसने युवक की पहचान कंकरखेड़ा निवासी सलमान के रूप में बताई. युवती का आरोप था कि सलमान ने उसे होटल में बंधक बनाकर रखा हुआ था और जबरन अपने कब्जे में कर रखा था.

घटना की जानकारी मिलने के बाद अखिल भारत हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. सूचना मिलने पर सदर बाजार थाने की पुलिस तत्काल होटल पहुंची और युवती से पूछताछ की. इसके बाद पुलिस युवती को सुरक्षित अपने साथ थाने ले गई.

पुलिस ने युवती के बयान दर्ज किए और उसकी ओर से दी गई तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू की. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही थी कि युवती को होटल में किन परिस्थितियों में रखा गया था. साथ ही होटल कर्मचारियों की भूमिका और घटना के दौरान लोगों को अंदर जाने से रोकने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही थी.

पुलिस ने क्या कहा था?

सीओ सदर कैंट संजय गुप्ता ने बताया था कि 24 नवंबर को सदर बाजार थाने पर आबूलेन स्थित एक होटल में युवक और युवती के बीच झगड़े की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सकुशल वहां से निकालकर थाने ले आई. पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मामले में युवती की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है और उसके आधार पर उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.

पुलिस ने यह भी कहा था कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. युवती के आरोपों, होटल में हुई घटना और उपलब्ध CCTV फुटेज को जांच का हिस्सा बनाया गया. पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी थी. इसके करीब 24 घंटे बाद पुलिस ने फरार आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया.

मेरठ के इस होटल कांड में बुधवार, 25 नवंबर को पुलिस ने आरोपी सलमान को हाफ एनकाउंटर के बाद पकड़ा. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी चोटिल हो गया. पुलिस की ओर से जारी गिरफ्तारी के वीडियो में सलमान रोते और गिड़गिड़ाते हुए नजर आ रहा है. वह पुलिसकर्मियों से कहता सुनाई दे रहा है, ‘सर, गलती हो गई, माफ कर दो, अब नहीं होगी गलती.’ वीडियो में पुलिसकर्मी उसे कंधे पर उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं.

इस मामले में सलमान पर युवती को होटल में बंधक बनाकर रखने, दुष्कर्म का प्रयास करने और शादी का दबाव बनाने के आरोप हैं. युवती के आरोपों के मुताबिक, वह आरोपी के चंगुल से छूटकर बाहर भागी थी, लेकिन आरोपी ने सड़क पर उसकी पिटाई की और फिर उसे पकड़कर होटल के अंदर ले गया था. इस पूरे घटनाक्रम के CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है.

मेरठ पुलिस के प्रेस नोट के मुताबिक, लोहिया नगर पुलिस ने 25 नवंबर 2026 को थाना सदर बाजार में दर्ज दुष्कर्म के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले में वांछित आरोपी सलमान (29) को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक आरोपी की घेराबंदी की गई थी. इस दौरान सलमान ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी.

पुलिस का कहना है कि घिरने के बाद आरोपी पुल पर चढ़कर भागने लगा. इसी दौरान वह नीचे गिर गया, जिससे उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोटें आईं. पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया. इसके बाद घायल आरोपी को इलाज के लिए पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय भेजा गया.

पुलिस ने आरोपी सलमान के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा बरामद किया है. इसके अलावा एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सलमान रोहटा क्षेत्र का रहने वाला है और उसकी उम्र 29 साल है. उसके खिलाफ मेरठ और गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.

फिलहाल पुलिस इस मामले में सभी जरूरी सबूत जुटा रही है. होटल में हुई घटना, युवती की ओर से लगाए गए आरोप, CCTV फुटेज और पुलिस मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

—- समाप्त —-



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *