‘मेरी पत्नी भी भड़क गई…’, वैभव सूर्यवंशी के साथ हुआ अन्याय? भारतीय दिग्गज ने खोला बड़ा राज – India Slammed For Dropping Vaibhav Sooryavanshi vs Afghanistan Said My Wife Questioned Aksp


अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में 7 विकेट से जीत हासिल की. दमदार जीत के साथ आगाज करने के बाद भारतीय टीम की कोशिश अब दूसरे मैच को जीतकर सीरीज में बढ़त बनाने की होगी. 

जिम्बाब्वे दौरे पर अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गदर मचाने वाले 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 मैच में मौका नहीं मिला. मैच से पहले वैभव सूर्यवंशी को लेकर फैन्स के बीच चर्चाएं तेज थी. 

हालांकि, भारत ने यह मैच आसानी से 7 विकेट से जीत लिया. लेकिन वैभव को प्लेइंग-11 में नहीं शामिल करने के फैसले पर बवाल खड़ा हो गया है. पूर्व भारतीय सिलेक्टर और दिग्गज खिलाड़ी कृष्णमाचारी श्रीकांत ने टीम मैनेजमेंट के इस फैसले की कड़े शब्दों में आलोचना की है.

श्रीकांत की पत्नी ने भी उठाए सवाल 

श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि पिछले ही मैच में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे खिलाड़ी को इस तरह अचानक बाहर कर देना समझ से परे है. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कल जब वैभव सूर्यवंशी नहीं खेला तो हमने टीवी पर मैच छोड़कर फिल्म देखना शुरू कर दिया. मेरी पत्नी भी गुस्सा हो रही थी और सवाल उठा रही थी कि पिछले मैच का स्टार खिलाड़ी आज टीम में क्यों नहीं है? जब मेरी पत्नी जैसा आम दर्शक यह सवाल पूछ सकता है तो सोचिए खिलाड़ी पर क्या बीत रही होगी.

ऐसे टूट सकती है वैभव की हिम्मत

श्रीकांत का मानना है कि इस तरह लगातार अंदर-बाहर करने से युवा खिलाड़ी का आत्मविश्वास डगमगा जाता है. उन्होंने कहा कि आप वैभव के साथ सही व्यवहार नहीं कर रहे हैं. अब जब वह अगला मैच खेलने उतरेगा तो उसके दिमाग में यही डर बना रहेगा कि अगर वह रन नहीं बना पाया तो उसे फिर से ड्रॉप कर दिया जाएगा. 

श्रीकांत ने साफ कहा कि घरेलू क्रिकेट, इंडिया-ए, आईपीएल और टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपनी प्रतिभा साबित कर चुके इस युवा बल्लेबाज को लगातार मौके मिलने चाहिए.इसके अलावा, श्रीकांत ने संजू सैमसन के साथ हो रहे बर्ताव पर भी दुख जताया. उन्होंने कहा कि सैमसन को कभी टीम में लाया जाता है तो कभी अचानक बाहर कर दिया जाता है, जो किसी भी खिलाड़ी के लय के लिए ठीक नहीं है.

दरअसल, वैभव सूर्यवंशी अफगानिस्तान सीरीज से ठीक दो दिन पहले रेड-बॉल क्रिकेट यानी दलीप ट्रॉफी का फाइनल मैच खेल रहे थे. इसके चलते उन्हें सफेद गेंद (टी20) से प्रैक्टिस करने का ज्यादा मौका नहीं मिला था. पहले मैच में उनकी जगह संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की थी. संजू भले ही 10 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन टीम इंडिया ने 157 रनों का लक्ष्य महज 13.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया.
 

—- समाप्त —-





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *